UP: आजम का किला उखाड़ने वाले IAS आन्जनेय को एक साल का और मिला सेवा विस्तार, रोकने में कामयाब रही योगी सरकार

punjabkesari.in Sunday, Feb 19, 2023 - 12:22 AM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) नेता मोहम्मद आजम खां पर सख्त कार्रवाई को लेकर चर्चा में रहे तेज तर्राक आईएएस आन्जनेय कुमार सिंह फिलहाल मुरादाबाद के मंडलायुक्त बने रहेंगे। डीपीओडी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।

आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि सिंह की प्रतिनियुक्ति के कार्यकाल को बढ़ाने के योगी सरकार के अनुरोध को केन्द्र सरकार ने नियमों में शिथिलता बरतते हुये स्वीकार कर लिया है। यह दूसरी बार है जब वर्ष 2005 कैडर के आईएएस सिंह की उत्तर प्रदेश में प्रतिनियुक्ति कार्यकाल को बढ़ाया गया है। नये आदेश के अनुसार सिंह अब 15 फरवरी 2024 तक उत्तर प्रदेश में प्रतिनियुक्ति पर रहेंगे।

गौरतलब है कि आन्जनेय को अखिलेश यादव की सरकार में ही यूपी में डेपुटेशन मिला था और वो 16 फरवरी 2015 को इंटरस्टेट डेपुटेशन के नियमों पर यूपी में आए थे। नियमानुसार 5 साल तक आन्जनेय डेपुटेशन पर रह सकते थे। 2019 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले फरवरी महीने में आन्जनेय को यूपी के रामपुर जिले का डीएम बनाया गया। इसके 1 साल बाद आन्जनेय का 5 वर्षीय डेपुटेशन पूरा होना था। हालांकि आन्जनेय ने जब डीएम बनने के बाद आजम खान पर शिकंजा कसना शुरू किया तो केंद्र ने उनके डेपुटेशन को 2 साल के लिए और बढ़ा दिया। आन्जनेय ने इसी दौरान तमाम ऐसी संपत्तियां आजम और उनके परिवार से मुक्त कराई, जिनपर अवैध कब्जे का आरोप था। इसके अलावा उन्होंने आजम खान को भूमाफिया तक घोषित कर दिया।

 

Content Writer

Mamta Yadav