UP में जारी रहेगा बर्फीली हवाओं का सितम, 48 घंटों में तापमान में और गिरावट के आसार

punjabkesari.in Sunday, Dec 20, 2020 - 07:52 PM (IST)

लखनऊ:  उत्तर प्रदेश में कोहरा,गलन और शीतलहर से निजात मिलने के फिलहाल कोई आसार नहीं है बल्कि अगले 24 घंटे में ठंड के तेवर और तल्ख होने का अनुमान है। राज्य के अधिसंख्य इलाकों में बफीर्ली हवाओं और गलन के चलते न्यूनतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम तक आंका जा रहा है। कम से कम सात जिलों मे पारा आठ डिग्री सेल्सियस से कम हो गया है। मुजफ्फरनगर में सबसे कम न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

ठंड से जनजीवन बूरी तरह से हुआ प्रभावित 
बता दें कि ठंड और कोहरे से कई स्थानों पर जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहनों के रेंग रेंग कर चलने से कई स्थानों पर जाम जैसे हालात देखे जा रहे हैं। दिन ढलते ही सड़कों और बाजारों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। हालांकि गर्म कपड़ों और इलेक्ट्रिक उपकरण बेचने वाली दुकानों पर चहल पहल है।

ठंड के तेवर में कोई कमी नहींः मौसम विभाग
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों और पश्चिम के इक्का दुक्का इलाकों में प्रचंड ठंड और घना कोहरा पड़ रहा है। मुरादाबाद, वाराणसी, प्रयागराज और झांसी मंडल में दिन के तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोत्तरी दर्ज की गयी जबकि अन्य स्थानों पर ठंड के तेवर में कोई कमी नजर नहीं आयी। गोरखपुर,अयोध्या,लखनऊ,बरेली,मुरादबाद, मेरठ,प्रयागराज और कानपुर मंडल में तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। झांसी में अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो राज्य में सबसे अधिक है।

2 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सर्वाधिक ठंडा स्थान रहा मुजफ्फरनगर
वहीं गोरखपुर मंडल में रात के तापमान में मामूली बढ़ोत्तरी दर्ज की गयी वहीं लखनऊ,बरेली,वाराणसी,अयोध्या, प्रयागराज, मेरठ मंडलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। मुजफ्फरनगर राज्य का सर्वाधिक ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान महज दो डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया । अगले 48 घंटों में तापमान में और गिरावट आने के आसार है वहीं कोहरे की पर्त मोटी होने से द्दश्यता का स्तर और खराब होने का अनुमान है।

 

Moulshree Tripathi