‘अडवाणी ने रथ यात्रा नहीं निकाली होती तो सुलझ जाता अयोध्या विवाद’

punjabkesari.in Saturday, Jul 21, 2018 - 05:21 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता रामगोविंद चौधरी ने अयोध्या विवाद नहीं सुलझने के लिए शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण अडवाणी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा नेता लालकृष्ण अडवाणी ने रथ यात्रा नहीं निकाली होती और अयोध्या में बाबरी मस्जिद नहीं ढहाई जाती तो अब तक राम मंदिर बन चुका होता।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में विवादित स्थल का मसला मंदिर का ताला खुलवाए जाने और शिलान्यास कराए जाने के बाद ही हल हो गया होता। इससे देश में शांति और भाईचारा बना रहता लेकिन वर्ष 1990 में उसी समय अडवाणी ने देश में रथ यात्रा निकाली जिससे फैले उन्माद की वजह से मस्जिद ढहा दी गई, इसी कारण मामला अटक गया।

चौधरी ने देश में कहीं सूखा और कहीं भारी बारिश के बारे में पूछे गए सवाल पर कहा कि इन घटनाओं के लिए भी भाजपा जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि भारत आस्था का देश है। सपा भगवान राम, कृष्ण, शिव, गंगा, यमुना और सरयू को आस्था का केंद्र और भगवान राम को अपना ईष्ट देवता मानती है लेकिन भाजपा भगवान राम को वोट देवता मानती है। भाजपा भगवान राम का जिस तरह से इस्तेमाल कर रही है उससे नाराज होकर भगवान दैवीय आपदा के रूप में दंड दे रहे हैं, मगर इसका दर्द जनता भुगत रही है।

Anil Kapoor