अखिलेश NPR फॉर्म नहीं भरेंगे तो चुनाव भी नहीं लड़ पाएंगेः संजीव बालियान

punjabkesari.in Sunday, Jan 12, 2020 - 01:04 PM (IST)

सहारनपुरः सहारनपुर के गांधी पार्क में केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता संजीव बालियान ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला। बालियान ने कहा कि अखिलेश कहते हैं कि वह NPR फॉर्म नहीं भरेंगे। मगर कानूनी तौर पर यही नियम है कि यदि फॉर्म नहीं भरेंगे तो, वह चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि जो नियमों का पालन नहीं करेगा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सपा कर रही है NPR का विरोध
बता दें कि इससे पहले सपा अध्यक्ष ने कहा था, 'हम संविधान बचाना चाहते हैं। लेकिन जिनसे मुकाबला है, वे संविधान को कुछ नहीं समझते। नौजवानों को रोजगार चाहिए या एनपीआर। उन्‍होंने कहा, 'बीजेपी के लोग तय नहीं करेंगे कि हम नागरिक हैं या नहीं। महात्मा गांधी ने दक्षिण अफ्रीका में रास्ता दिखाया था। उन्होंने कुछ कार्ड जला दिए थे। यहां हम पहले होंगे जो एनपीआर का फॉर्म नहीं भरेंगे, मैं कोई फॉर्म नहीं भरने जा रहा।

जानें क्या है NPR
नेशनल पॉपुलेशन रजिस्टर यानी NPR भारत में रहने वाले सामान्य निवासियों का एक रजिस्टर है। इसे ग्राम पंचायत, तहसील, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर तैयार किया जाता है। नागरिकता कानून, 1955 और सिटिजनशिप रूल्स, 2003 के प्रावधानों के तहत यह रजिस्टर तैयार होता है। NPR को समय-समय पर अपडेट करना एक सामान्य प्रक्रिया है। इसका सामान्य सा उद्देश्य है देश में रह रहे लोगों का अपडेटेड डेटाबेस तैयार करना ताकि उसके आधार पर योजनाएं तैयार की जा सकें।

Ajay kumar