यदि किसानों को बढ़ानी है अपनी आमदनी तो खेती के अलावा दूसरा काम भी करना होगा: मुख्य सचिव

punjabkesari.in Tuesday, Nov 19, 2019 - 12:52 PM (IST)

मेरठः भारत कृषि प्रधान देश है और देश का उत्तर प्रदेश खेती की हरियाली से भरपूर है। मगर प्रदेश के किसान कई दिनों से खेती से संबंधित कई परेशानियों को झेल रहे हैं। उन्होंने अपनी परेशानियों को भी साझा किया। मौका था मोदीपुरम के सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय में कृषि उत्पादन गोष्ठी का जिसमें हिस्सा लेने पहुंचे कृषि उत्पादन आयुक्त उत्तर प्रदेश व मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी। 

जहां किसानों ने उनके सामने अपनी समस्या भी रखी वहीं मेरठ व सहारनपुर मंडल के सभी जिलों से आये जिलाधिकारियों ने भी अपने-अपने शहर में किसानों को गन्ना उत्पादन में होने वाली परेशानियों को साझा किया। वहीं मुख्य सचिव ने साफ शब्दों में कहा कि यदि किसानों को अपनी आमदनी बढ़ानी है तो खेती के अलावा दूसरा काम भी करना होगा।

बताते चलें कि आयोजित गोष्ठी में मुख्य सचिव ने कहा कि मेरठ में करीब 75 प्रतिशत गन्ना भुगतान करा दिया गया है। जल्द ही चीनी मिलों का संचालन भी शुरू कर दिया जाएगा। इसी के साथ ही प्रदूषण के स्तर को बढ़ता देख उन्होंने किसानों से पराली ना जलाने की भी अपील की। कृषि गोष्ठी में शामिल होने पहुंचे मुख्य सचिव उससे पहले गाज़ियाबाद का निरीक्षण करते हुए आ रहे थे, जहां गंदगी देख वो बिफर गए। उन्होंने कार्रवाई करते हुए नगर निगम के 2 कर्मचारियों को तत्काल सस्पेंड कर दिया।  उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में गंदगी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हांलाकि उनकी इस कार्रवाई से मेरठ में भी अधिकारियों में हड़कंप मचा रहा, लेकिन समय कम होने की वजह से वो सिर्फ गोष्ठी में ही शामिल होकर वापस लौट गए। वहीं मेरठ की कानून व्यवस्था पर ज्यादा ना बोलकर उन्होंने इसकी जानकारी ना होना बताया।

 

Ajay kumar