'राहुल गांधी को अगर मोदी जी का आधा काम करना पड़ गया तो वो भूल जाएंगे अध्यक्षी'

punjabkesari.in Wednesday, Apr 18, 2018 - 06:20 PM (IST)

बरेलीः उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बरेली जिले में पहुंचे। यहां उन्होंने  175 करोड़ 87 लाख की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अगर मोदी जी का आधा काम करना पड़ गया तो वो अमेठी, रायबरेली और कांग्रेस की अध्यक्षी भूल जाएंगे। बहुत परिश्रम करना पड़ता है।

डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मोदी जी के विकल्प राहुल गांधी नहीं हैं। राहुल कांग्रेस के अध्यक्ष तो बन सकते हैं, लेकिन मोदी जी के विकल्प बन जाएं, ये संभव नहीं। उन्होंने कहा कि सपा , बसपा और कांग्रेस के गठबंधन के बावजूद 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में 2014 के 73 सीटों से ज्यादा ही रहेंगे। जनता का समर्थन बीजेपी के पक्ष में है। पिछले दिनों जो दो सीट हारे हैं, उस हार से हमने जीतने की तैयारियां शुरू की है।

केशव मौर्य इतने पर ही नहीं रुके उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव सत्ता से बेदखल हो चुके हैं। गांव में एक कहावत है सूप बोले तो बोले छलनी भी बोले जिसमें चप्पन छेद। उनके समय में कानून व्यवस्था ख़राब थी। सपा का झंडा लगाकर मकानों पर कब्जे करना आम बात थी। आज अपराधी डरे हुए हैं। 
 

Punjab Kesari