सरकार ने मांगे पूरी नहीं की तो जल्द होगा बड़ा आंदोलन, भाकियू ने दी चेतावनी

punjabkesari.in Monday, Mar 21, 2022 - 07:43 PM (IST)

सहारनपुर: भारतीय किसान यूनियन ने कलैक्ट्रेट परिसर में बैठक कर राष्ट्रपति को संबोधित 6 सूत्रीय रोष पत्र जिलाधिकारी को सौंपा। जिलाधिकारी को दिए रोष पत्र में संयुक्त किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष चौ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा ने सरकार के आश्वासन पर भरोसा कर दिल्ली बार्डर से अपने धरने उठाने का ऐलान किया उसके बाद से सरकार अपने वायदों से मुकर रही है व किसानों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम भी कर रही है। इसलिए किसानों ने 31 जनवरी 2022 को विश्वासघात दिवस मनाया था और हर जिले से आपके नाम ज्ञापन भी भेजा था।

उन्होंने कहा कि हमें अफसोस है अब तक हालात में कोई विशेष बदलाव नहीं हुआ है बल्कि स्थिति और बिगड़ी है। उन्होंने रोष जताते हुए कहा कि केन्द्र सरकार को उसके लिखित वायदों की याद दिलाए और इन्हें जल्द से जल्द पूरा करवायें तथा लखीमपुर खीरी कांड में न्याय सुनिश्चित करवाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार अपने आश्वासन पर अमल नहीं करती तो किसान दोबारा आंदोलन को बाध्य होगा।

Content Writer

Mamta Yadav