संजीव बालियान की मांग का BJP नेता ने किया विरोध, कहा- ‘पश्चिमी यूपी अलग राज्य बना तो बन जाएगा मिनी पाकिस्तान’

punjabkesari.in Wednesday, Oct 04, 2023 - 02:58 PM (IST)

Meerut News, (आदिल रहमान): बीती 1 अक्टूबर को मेरठ में आयोजित अंतराष्ट्रीय जाट संसद में केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने बयान दिया कि पश्चिमी यूपी को अलग राज्य बनाया जाए और मेरठ उसकी राजधानी हो। वहीं केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान के इस बयान पर बवाल मचा हुआ है और केंद्रीय मंत्री के इस बयान के विरोध में बीजेपी के फायर ब्रांड कहे जाने वाले नेता संगीत सोम अब खुलकर मैदान में आ गए हैं। दोनों ही नेताओं में जैसे इस बयान को लेकर जुबानी जंग छिड़ गई है।

संगीत सोम ने कहा कि वो संजीव बालियान के इस बयान का विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि उनको नहीं पता कि लोग इस तरीके का बयान क्यों दे रहे हैं। पूर्व विधायक संगीत सोम ने केंद्रीय मंत्री को इशारों-इशारों में नसीहत देते हुए कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अलग राज्य बनाने का बयान देने से पहले सोचना चाहिए कि हम क्या बोल रहे हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश बनने का मतलब है मिनी पाकिस्तान। एक वर्ग की आबादी यहां बढ़ गई है कई जगह तो एक वर्ग की आबादी यहां 70 से 80% तक है। क्या आप यह चाहते हैं कि हिंदू माइनॉरिटी में रहे।

हमारी यह मांग जरूर है कि जितने भी एनसीआर के क्षेत्र हैं उनको दिल्ली के साथ जोड़ दिया जाए, ना अलग हाईकोर्ट बनाने की जरूरत पड़ेगी, ना अलग विधानसभा बनाने की जरूरत पड़ेगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोग भी यही चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बालियान ने पता नहीं क्यों ऐसा बयान दिया है मैं उनके बयान से बिल्कुल सहमत नहीं हूं। कोई भी पश्चिम उत्तर प्रदेश का नागरिक नहीं चाहता कि पश्चिमी यूपी अलग राज्य बने। यह बयान लोगों की भावनाओं के खिलाफ है। अगर हम छोटे प्रदेश की मांग करते हैं तो दिल्ली के साथ इसको जोड़ देना चाहिए। कोई यह कदम उठाने वाला नहीं है ना ही ऐसा होगा।

Content Writer

Mamta Yadav