अगर अब छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नहीं और घुस कर मारेंगे: मनोज सिन्हा

punjabkesari.in Monday, Mar 18, 2019 - 08:22 AM (IST)

गाजीपुर: उत्तर प्रदेश की गाजीपुर सीट से सांसद और रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने कहा है कि अब पहले जैसी सरकार नहीं रही जो देश की अस्मिता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सिर्फ निंदा प्रस्ताव जारी करती थी। उन्होंने कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नहीं और घुस कर मारेंगे।

सिन्हा ने गाजीपुर के जखनिया विधानसभा क्षेत्र के ओडराई, गोदसैया, धिरजोत व हुरमुजपुर में जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान यह बात कही। उन्होंने उपस्थित लोगों से कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास के पथ पर चल रहा है। इसमें पूर्वांचल का खास ध्यान रखा गया है। रेल राज्य मंत्री ने केंद्र सरकार की उज्ज्वला और अन्य योजनाओं को गिनाते हुए कहा कि किसानों को राहत देने के लिए प्रधानमंत्री ने सम्मान राशि की व्यवस्था की है।

सिन्हा ने कहा कि इजरायल के बाद भारत ने भी दुश्मन की सीमा में घुसकर आतंकवादियों का सफाया करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि भारत शांति चाहता है लेकिन अगर कोई हमें आंख दिखाएगा तो हम उसके खिलाफ हर संभव कदम उठाएंगे। उनके स्वागत और जन संवाद कार्यक्रमों के दौरान हर जगह भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘मैं भी चौकीदार‘ के नारे जोरशोर से लगाए।

Anil Kapoor