भारत से धर्म के बारे में सीखें तो विश्व में शांति होगी : दलाई लामा

punjabkesari.in Tuesday, Dec 04, 2018 - 06:01 PM (IST)

फर्रुखाबादः बौद्ध धर्म गुरु दलाई लामा ने कहा कि मुस्लिम देश बंग्लादेश, पाकिस्तान, सीरिया और यमन भारत से धर्म के बारे में सीखें तो विश्व में चारों ओर शांति का वातावरण फैलेगा। उन्होंने कहा कि भारत में 125 करोड़ की आबादी है और कई धर्म तथा अनेक परंपराएं हैं। फिर भी सभी प्रेम से रहते हैं। मुस्लिम देश भारत से धर्म सीखें। भारत में सभी धर्मों में सामंजस्य है। आधुनिक भारत में देखें तो अहिंसा के सिद्धांत से भारत में भौतिक विकास हो रहा है।

धर्म गुरु ने भारत-चीन के बीच डोकलाम विवाद पर पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि दोनों देशों को मिल-बैठकर विवाद को सुलझाना चाहिए। हिंदी चीनी भाई-भाई का नारा सार्थक होना चाहिए। दोनों देश युद्ध की विभीषिका में नहीं जाएंगे। क्योंकि उन्हें पता है कि इससे कुछ भी हासिल होने वाला नहीं है, हर विवाद का हल केवल बातचीत ही है।    

गौरतलब है कि बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा यूपी के फर्रुखाबाद जिले में पहुंचे। यहां दलाई लामा का मोहम्मदाबाद हवाई पट्टी पर भव्य स्वागत किया गया। यहां हवाई पट्टी पर प्लेन से उतरने के बाद सीधे सड़क मार्ग से होते हुए विश्व प्रसिद्ध बौद्ध तीर्थ संकिसा स्थित होटल के लिए रवाना हो गए। वह मैनपुरी के राजघाट पर 3 से 5 दिसंबर तक बौद्ध अनुयायियों को प्रवचन देंगे। 

Ruby