मुरली मनोहर जोशी के नाम पर होगा IIIT इलाहाबाद का मुक्तांगन

punjabkesari.in Saturday, Sep 14, 2019 - 10:34 AM (IST)

प्रयागराजः बीजेपी के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी का प्रयागराज के विकास में विशेषकर भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT इलाहाबाद) की स्थापना में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह संस्थान मुक्तांगन का नाम डॉक्टर जोशी के नाम करेगा।

मुक्तांगन आईआईआईटी इलाहाबाद में विकसित किया जा रहा एक ओपन थिएटर है जहां एक घंटाघर (क्लॉक टावर) भी स्थापित किया जा रहा है। आईआईआईटी, इलाहाबाद के निदेशक पी. नागभूषण ने यहां संस्थान के दीक्षांत समारोह की पूर्व संध्या पर संवाददाताओं को यह जानकारी देते हुए बताया, "ट्रिपल आईटी, इलाहाबाद की स्थापना में मुरली मनोहर जोशी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।" उन्होंने बताया, "उन दिनों में इस तरह की परियोजनाएं बेंगलूरू में लगा करती थीं। लेकिन मुरली मनोहर जोशी इसे उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद लेकर आए। मैंने उनसे एक दिन इस संस्थान के बच्चों के साथ बिताने का अनुरोध किया जिसे उन्होंने सहज स्वीकार कर लिया।" नागभूषण ने बताया, "12 अक्तूबर की शाम को डॉक्टर जोशी हमारे साथ होंगे। वह हमारे अतिथि नहीं होंगे, बल्कि बिग बॉस होंगे।

यह सबसे अच्छा समय होगा जब ट्रिपल आईटी इलाहाबाद के प्रथम व्यक्ति डॉक्टर जोशी के नाम पर मुक्तांगन को समर्पित किया जाएगा।" इसरो के साथ हुए गठबंधन को लेकर आगे की प्रगति के बारे में उन्होंने बताया, "26 नवंबर को इसरो की पूरी टीम यहां होगी और वे यहां देखेंगे कि अकादमिक क्षेत्र में कैसे आगे बढ़ा जा सकता है।" उन्होंने कहा, "वास्तव में मेरा सपना है कि यहां कार्यरत लोग इसरो के वैज्ञानिकों के साथ एक समानांतर ट्रिपल आईटी विकसित करें जिससे उनके लिए एक समानांतर शिक्षा प्रणाली हो सके...एक शिक्षा व्यवस्था उनके लिए हो जो पढ़ाई के बाद पेशेवर बनने जा रहे हैं और दूसरी उनके लिए हो जो पहले से कामकाजी पेशेवर हैं।"

Tamanna Bhardwaj