लॉकडाउन का असरः हरियाणा में फंसे 100 प्रवासी मजदूर यमुना नदी पार कर पहुंचे UP

punjabkesari.in Friday, May 15, 2020 - 07:51 PM (IST)

मुजफ्फरनगरः लॉकडाउन के कारण हरियाणा में फंसे लगभग 100 प्रवासी श्रमिक उत्तर प्रदेश -हरियाणा सीमा के साथ बहने वाली यमुना को पार कर शामली जिले में पहुंचे हैं। कई अंतरराज्यीय सीमाएं सील होने के कारण श्रमिकों ने नदी को पार करने का फैसला किया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि हरियाणा में लॉकडाउन के कारण फंसे हुए श्रमिक नदी पार कर बृहस्पतिवार रात को शामली के कैराना शहर पहुंचे। पुलिस ने कहा कि जिला अधिकारियों ने उन्हें एक आश्रय गृह में भेज दिया है। सीमाओं से अधिकारियों की अनुमति के बिना आवाजाही की अनुमति नहीं है। ज्ञात है कि बुधवार और बृहस्पतिवार की रात को, पंजाब से बिहार में अपने घरों को जा रहे छह प्रवासी श्रमिकों की मुजफ्फरनगर में रोडवेज की चपेट में आने से मौत हो गई।

Author

Moulshree Tripathi