कलयुगी बेटे की करतूत, जमीनी विवाद के चलते सौतेली मां को बेरहमी से उतारा मौत के घाट

punjabkesari.in Thursday, Jul 04, 2019 - 10:01 AM (IST)

बदायूं: उत्तर प्रदेश में बदायूं जिले के कुवंरगांव क्षेत्र में जमीन बटवारे के विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी सौतेली मां की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस अधीक्षक (सिटी) जितेंद्र श्रीवास्तव ने गुरुवार को यहां यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बादलपुर गांव निवासी अवकाश प्राप्त 71 वर्षीय पुलिस उपनिरीक्षक मथुरा सिंह यादव ने पत्नी की मौत के बाद नन्हीं देवी से दूसरी शादी कर दी थी। एक साल पहले यादव की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। दूसरी पत्नी 55 वर्षीय नन्ही देवी बुधवार रात करीब साढ़े 8 बजे अपने भतीजे उमेश यादव के साथ मोटरसाइकिल पर घर आ रही थी।

कासिमपुर गांव के पास पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उनकी मोटरसाइकिल रुकवाई और सौतेले बेटे प्रकाश ने तमंचे से गोली मार दी। गंभीर हालत में नन्हीं देवी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मृतक नन्हीं देवी के भी बच्चे हैं और बडी बेटी की उम्र करीब 18 साल है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद से हत्यारोपी परिवार के साथ फरार हो गया।

उन्होंने बताया कि कुवंरगांव थाना प्रभारी सुधाकर सिंह ने पुलिस बल के साथ हत्यारोपियों की तलाश में रातभर दविश दी लेकिन अभी तक आरोपी पकड़ में नहीं आया है। उन्होंने बताया कि दिवंगत यादव ने अपनी जमीन का बटवारा नहीं किया था। उनकी मौत के बाद जमीन के बटवारे को लेकर उनकी पहली पत्नी के बच्चे से सौतेली मां से विवाद चल रहा था।

Anil Kapoor