बाराबंकी में दहेज के लिए शराबी पति ने काट दी पत्नी की नाक, इंसानियत हुई शर्मसार

punjabkesari.in Tuesday, Nov 29, 2022 - 02:41 PM (IST)

बाराबंकी ( अर्जुन सिंह ): उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक शराबी पति की हैवानियत सामने आई है। यहां शराबी पति ने मामूली कहासुनी के बाद अपनी पत्नी की नाक ब्लेड से काट ली और मौके से भाग निकला। घायल पत्नी ने थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत पत्र दिया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी पति की तलाश कर रही है।

दहेज के लिए पति करता था पिटाई
बता दें कि यह पूरा मामला बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के हथौधा गांव का है। इस गांव के रहने वाले प्रदीप के साथ जिले के दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र के रहने वाली एक महिला का विवाह 2019 में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत हुआ था। बताया जा रहा है कि विवाह के एक साल बाद से ही पति दहेज के लिए महिला को प्रताड़ित करता और मारता पीटता था। शराबी पति महिला को आए दिन परेशान करता था, लेकिन आज उसने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी और महिला की नाक काट दी।

आरोपी पति की तलाश में जुटी पुलिस
पीड़ित महिला का पति दिल्ली में रह रहा था। दिल्ली से आने के बाद पत्नी से उसकी किसी बात पर कहासुनी हो गई। जिसके बाद नाराज पति ने पत्नी की नाक ब्लेड से काट दी और मौके से फरार हो गया। घायल पत्नी ने थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत पत्र दिया है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपी पति की तलाश में जुटी है। जल्द ही आरोपी पति को पकड़ कर कार्रवाई की जाएगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Recommended News

Related News

static