बुलंदशहर में बड़ी वारदात को देने जा रहा था अंजाम, पुलिस ने एनकाउंटर कर किया गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, Apr 06, 2018 - 10:25 AM (IST)

बुलंदशहर: उत्तर प्रदश पुलिस आजकल ताबड़तोड़ एनकाउंटर करके बदमाशों का सफाया करने में जुटी हुई है। ताजा मामला बुलंदशहर का है, जहां बाइक सवार बदमाशों व पुलिस में मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में बाइक सवार बदमाश को गोली लग गई और वह घायल हो गया। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ में घायल हुए बदमाश पर 25 हजार रुपए का इनाम था। वहीं बदमाश का दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार बदमाश राहुल अपने साथी के साथ बाइक पर सवार होकर बुलंदशहर में किसी वड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहा था। इसी दौरान पुलिस मुठभेड़ में वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस का कहना है कि उन्होंने 25 हजार के इनामी बदमाश राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने उसके कब्जे से 1 बाइक,1 तमंचा व कई जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि बुलंदशहर के विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक संगीन मामले राहुल पर दर्ज हैं। पुलिस फरार बदमाश की तलाश में छापेमारी कर रही है।