ईद के जश्न में डूबा उत्तर प्रदेश: शियाओं ने आज मनायी, सुन्नी कल मनायेंगे ईद

punjabkesari.in Wednesday, Jul 06, 2016 - 03:52 PM (IST)

लखनऊ: देश की घनी आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश में आज से ईद का जश्न शुरू हो गया है। शिया मुसलमान आज ईद मना रहे हैं जबकि सुन्नी समुदाय कल ईद की नमाज पढेंग़े। लखनऊ में बड़ा इमामबाड़ा के अलावा अन्य मस्जिदों में आज शिया समुदाय ने आज सुबह ईद की नमाज अता की और एक दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। ईद के साथ ही रमजान के पाक माह में जारी रोजा खत्म हो गया। शिया धर्मगुरू काल्बे सादिक ने कहा कि इराक में नजफ से अयातुल्लाह सिस्तानी की ओर से आज भोर करीब तीन बजे मिले फतबे के बाद ईद आज मनाने का फैसला लिया गया।   शिया मरकाजी चांद कमेटी के अध्यक्ष मौलाना सैफ अब्बास ने कहा कि अयातुल्लाह सिस्तानी के दिशानिर्देशों के अनुसार शिया समुदाय पूरे देश में आज ईद मना रहा है। 

 
इससे पहले कमेटी ने कल रात एलान किया था कि ईद का चांद नहीं दिखा है इसलिये ईद गुरूवार को मनायी जायेगी। शिया धर्मगुरूओं ने रात करीब दो बजकर 45 मिनट पर इराक से हुयी वार्तालाप के बाद भोर तीन बजे ईद आज मनाने की घोषणा की। लखनऊ में शिया मुसलमानो की आबादी करीब ढाई लाख है जबकि पूरे देश में मुसलमानों की कुल जनसंख्या के 22 फीसदी मुसलमान यहां निवास करते है। इस बीच लखनऊ में कल सुबह ऐशबाग ईदगाह में पहली बार महिलाओं का एक वर्ग ईद की नमाज अता करेगा।  महिला संगठनों की मुहिम की बदौलत महाराष्ट्र में शनि मंदिर और मुबंई में हाजी अली दरगाह में कुछ समय महिलाओं के प्रवेश की इजाजत के बाद ईद के मौके पर महिलाओं को ईदगाह में नमाज अता करने की इजाजत दी गयी है।  
 
ईदगाह के इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने कहा, ‘ऐसा पहली दफा होगा के ईदगाह के तैयाब हाल में महिलाएं ईद की नमाज अता करेंगी। इसके लिये मुक्कमल इंतजाम किये गये हैं।’ उन्होने कहा कि महिलाओं को नमाज अता करने में कोई व्यवधान उत्पन्न न हो, इसके लिये विशेष बंदोबस्त किये गये हैं। गलियारे में 500 महिलायें के एक साथ नमाज अता कर सकेंगी। अगर महिलाओं की तादाद इससे ज्यादा हुयी तो भविष्य में इसके अनुसार इंतजाम किये जायेंगे। उधर, आल इंडिया शिया पर्सनल ला बोर्ड के सचिव जाहिर अबास रिजवी ने कहा कि शिया समुदाय जाफिरी स्कूल के विचार का पालन करता है। यदि रात का दो तिहाई हिस्सा एक समान है तो उसी रोज त्योहार मनाया जा सकता है। 
 
ईरान, ईराक और पाकिस्तान के कुछ हिस्सों में कल रात चांद का दीदार हुआ और इस नाते शिया आज दुनिया के बाकी मुल्कों की तरह ईद मना रहे हैं।  इस बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने मुसलमानों का ईद की मुबारकबाद दी है और आशा व्यक्त की है कि ईद जीवन में आशा की नयी उम्मीद लेकर आयेगी। उन्होंने कहा कि ईद का त्योहार समाज में शांति और भाईचारे को और मजबूत करेगा। राज्यपाल रामनाईक, समाजवादी पार्टी (सपा) मुखिया मुलायम सिंह यादव और मुयमंत्री अखिलेश यादव समेत राज्य की कई हस्तियों ने ईद का पाक मौके पर लोगों को मुबारकबाद दी है।