प्रयागराज में BJP नेता अजय शर्मा को अज्ञात हमलावरों ने मारी गोली,  कंधे और पेट में लगीं 8 गोलियां

punjabkesari.in Tuesday, Nov 09, 2021 - 12:54 PM (IST)

प्रयागराज: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय नेता अजय शर्मा को सोमवार रात अज्ञात लोगों ने गोली मार दी। पुलिस ने बताया कि शर्मा को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर है।  

सोरांव क्षेत्राधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि थाना फाफामऊ अंतर्गत लेहरा गांव में सोमवार रात कुछ अज्ञात हमलावरों ने भाजपा के स्थानीय नेता अजय शर्मा को गोली मार दी। अजय शर्मा प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि शर्मा शौच के लिए बाहर गए थे, तभी अज्ञात लोगों ने उन्हें गोली मार दी, जिसके बाद उनके परिजन उन्हें अस्पताल लेकर गए और पुलिस को इस घटना की सूचना दी। पुलिस को घटनास्थल से खाली कारतूस मिले हैं।

पुलिस ने बताया कि अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, शर्मा की हालत खतरे से बाहर है। उन्हें कंधे और पेट में 8 गोलियां लगी है। उन्होंने बताया कि पुलिस इस घटना की समग्र जांच कर रही है।

Content Writer

Umakant yadav