दहेज के लालच में ससुराल वाले बने हैवान, गर्भवती विवाहिता को एेसे किया टार्चर

punjabkesari.in Sunday, Jun 03, 2018 - 11:39 AM (IST)

नोएडा: नोएडा जिले में ससुरालियों द्वारा दहेज के लालच में गर्भवती बहू को प्रताड़ित कर बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। गर्भवती पीड़िता के परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने उसे मुक्त कराया। पुलिस ने पीड़िता के सास-ससुर सहित 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार पीड़िता की शादी पिछले साल नोएडा के सेक्टर-39 में रहने वाले गौरव के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद तक तो सब ठीक रहा लेकिन बाद में ससुराल वालों ने विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पीड़िता ने इस बात की सूचना अपने परिजनों की दी। इसके बाद पीड़िता के मायके वालों को पता चला कि उनकी बेटी अचानक गायब हो गई तो उनके होश उड़ गए।

पीड़िता के माता-पिता ने तुरंत इस बात की सूचना पुलिस को दी। हालांकि शिकायत दर्ज करने के बाद करीब 48 घंटे बाद पीड़िता का पता लगाया जा सका, वह भी तब जब पीड़िता के परिजन खुद पुलिस के साथ अपनी बेटी के ससुराल खोजबीन करने पहुंचे। पुलिस ने बताया कि फिलहाल गर्भवती पीड़िता की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे नोएडा के कैलाश अस्पताल के आईसीयू में रखा गया है।

हालांकि घटना सामने आने के बाद से ही आरोपी पति फरार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि 5 माह की गर्भवती महिला को उसके पति की फैक्ट्री से आजाद करवाया गया। पीड़िता के हाथ-पैरों को रस्सी से बांधकर वहां एक अंधेरे कमरे में पिछले 48 घंटों से बंधक बनाकर रखा गया था। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Anil Kapoor