यूपी के इस गांव में योगी ने बिना AC और कूलर के गुजारी रात, दलित के घर किया भोजन

punjabkesari.in Friday, Apr 27, 2018 - 08:00 AM (IST)

लखनऊ\अमरोहा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार की रात अमरोहा के दलित बहुल गांव मेहंदीपुर में गुजारी। ‘एक दिन गांव के लिए’ अभियान के तहत योगी ने गांव वालों के बीच बैठकर उनका दर्द और समस्याएं जानीं और अपनी सरकार का पक्ष रखा। उनके इस दौरे को लेकर तैयारी कर रहे अधिकारियों को साफ निर्देश दिए गए थे कि जब मुख्यमंत्री आम जनता से मिल रहे हों तो किसी को अपनी बात रखने से रोका नहीं जाए। मुख्यमंत्री इस दौरान साधारण तरीके से गांव में रहेंगे।

मुख्यमंत्री के लिए एसी, कूलर या मच्छरदानी का इंतजाम नहीं करने के निर्देश गए थे। मुख्यमंत्री चाहते हैं कि जब वह ग्रामीणों के बीच रहें तो लोगों को यह लगे कि उनके बीच का ही कोई व्यक्ति उनके साथ बैठा है। मुख्यमंत्री के सोने के लिए एक तख्त का इंतजाम किया गया था। माना जा रहा है कि यह सारी कवायद दलितों को लुभाने के लिए हैं। मुख्यमंत्री शाम 6 बजे इस इलाके में पहुंचे और चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। रात को मुख्यमंत्री का भोजन दलित प्रधान प्रियंका देवी के घर पर था।

प्रधान को बुधवार को अधिकारियों ने बताया था कि मुख्यमंत्री उनके घर भोजन करेंगे और भोजन बनाने में सरकारी खानसामा भी मदद करेगा। अपने घर मुख्यमंत्री के भोजन पर आने की बात सुन कर प्रियंका देवी खुश थीं और बताती हैं कि मुख्यमंत्री साधारण भोजन करेंगे। राज्य सरकार के खेल मंत्री चेतन चौहान ने मुख्यमंत्री के दौरे से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को संबंधित निर्देश दिए।

Anil Kapoor