UP में आठ सूत्रीय कार्यक्रमों से गन्ना किसानों की आय में हुई वृद्धि: सुरेश राणा

punjabkesari.in Saturday, Jun 30, 2018 - 12:01 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों की आय दोगुना कियेए जाने के लिए विभागीय कार्यक्रमों की संरचना को पुर्नगठित किए जाने से किसानों को आशातीत सफलता मिली अौर उन्हें करीब 22 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर का लाभ हुआ। 

गन्ना किसानों की आय में हुई वृद्धिः सुरेश राणा
राज्य के गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी के निर्देशानुसार किसानों की आय दोगुना किए जाने के लिए विभाग ने आठ सूत्रीय कार्यक्रम शुरु किया। इसके सफल क्रियान्वयन से प्रदेश की औसत गन्ना उत्पादकता में 6.81 टन प्रति हेक्टेयर की वृद्धि हुई है, फलस्वरूप गन्ना किसानों की आय में 22,000 (बाईस हजार ) प्रति हेक्टेयर की वृद्धि हुई है। 

हजारों व्यक्तियों को हुई रोजगार की प्राप्ति 
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त गन्ने के साथ अन्य फसलों यथा गेहूं, सरसों, आलू, लहसून, प्याज आदि की सहफसली खेती से भी गन्ना किसानों को अतिरिक्त आय हुई है। औसत गन्ना उत्पादकता में वृद्धि होने से प्रदेश के कुल गन्ना उत्पादन में 156 लाख टन की वृद्धि हुई तथा 17 लाख टन अतिरिक्त चीनी का उत्पादन हुआ है। गन्ना एवं चीनी उत्पादन में हुई इस वृद्धि से हजारों व्यक्तियों को रोजगार की प्राप्ति हुई है।

अन्य फसलें भी उगा रहे हैं किसान
राणा ने बताया कि गन्ना एवं चीनी उत्पादन में हुई इस अभूतर्पू वृद्धि के फलस्वरूप प्रदेश की जी.डी.पी. में सुधार हुआ है और प्रदेश के आर्थिक उन्नयन में गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्हाेंने बताया कि कुछ किसान गन्ने के साथ अन्य फसलें भी उगा रहे हैं उन्हें अच्छा लाभ मिल रहा है।

Deepika Rajput