‘इंडी गठबंधन नए डिब्बे में बासी मिठाई के समान…’ शाहजहांपुर में बोले डिप्टी CM ब्रजेश पाठक

punjabkesari.in Sunday, Apr 21, 2024 - 12:50 AM (IST)

Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इंडिया समूह पर निशाना साधते हुये उसे नये डिब्बे में बासी मिठाई के समान करार दिया। जिले के कांट कस्बे में भाजपा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को सम्बोधित करते हुये उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन भ्रष्टाचार में डूबी हुई पार्टियों का गठबंधन है। यह गठबंधन नए डिब्बे में पुरानी मिठाई के समान है।

मोदी का तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना तय
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से भाजपा के पक्ष में जो लहर चली है वह पूर्वांचल में पहुंचते पहुंचते सुनामी बन जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी 80 सीटें भाजपा जीतने जा रही है। उन्होंने कहा जनता ने मन बना लिया है। नरेन्द्र मोदी का तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना तय है। पहले चरण में हुए मतदान से ही तय हो गया है कि पार्टी को बड़ी जीत मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश की सरकारों ने जो कार्य किए हैं। उनसे जनता का भरोसा बढ़ा है।

UP की कानून व्यवस्था देश ही नहीं विदेश में भी मिसाल बन गई
योगी सरकार की योजनाओं पर बात करते हुए पाठक ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था देश ही नहीं विदेश में भी मिसाल बन गई है। इससे पहले उन्होंने बूथ अध्यक्षों को ज्यादा से ज्यादा मतदान कराने पर जोर दिया। आगे कहा कि जितना ज्यादा मतदान होगा उतना ही भाजपा प्रत्याशी की जीत का अंतर बढ़ेगा। इस दौरान वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना, भाजपा प्रत्याशी सांसद अरुण सागर, ददरौल से उपचुनाव प्रत्याशी अरविंद सिंह आदि मौजूद रहे।

Content Editor

Mamta Yadav