इंडिया गठबंधन और PDA देश में परिवर्तन लाएगा: अखिलेश

punjabkesari.in Thursday, Mar 07, 2024 - 07:35 PM (IST)

प्रयागराज: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ( Akhilesh Yadav) ने बृहस्पतिवार को केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी ‘इंडिया' गठबंधन और ‘पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) परिवार देश में परिवर्तन लाने का काम करेंगे। यहां एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने आए यादव ने संवाददाताओं से कहा, “जो लोग (भाजपा) 400 पार की बात कर रहे हैं, उन्हें इंडिया गठबंधन औऱ पीडीए परिवार मिलकर 400 सीटों पर हराने का काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि वे लोग किसानों की आय दोगुनी करने की बात करते थे, लेकिन आय दोगुनी नहीं हुई, बल्कि किसानों का लाभ छीन लिया गया। उन्होंने कहा कि इसी तरह, नौजवान प्रयागराज में आरओ (समीक्षा अधिकारी), एआरओ (सहायक समीक्षा अधिकारी) परीक्षा में पेपर लीक होने के खिलाफ धरने पर बैठा था। उन्होंने कहा कि यह कैसी सरकार है जिसमें हर प्रतियोगी परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक हो रहा है। सपा प्रमुख ने कहा, “यह सरकार के पेपर लीक नहीं हो रहे, बल्कि इनके वोट लीक हो रहे हैं।

करीब 60 लाख बच्चों को दोबारा परीक्षा देनी पड़ेगी। एक छात्र के परिवार में यदि तीन लोग भी हों तो एक करोड़ अस्सी लाख मतदाता होते हैं। यदि हम इन्हें 80 लोकसभा सीटों से भाग दे दें तो हर लोकसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के दो लाख 25 हजार वोट लीक हो गये हैं।

सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे नेताओं के बारे में उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना दिखाने वाली भाजपा नयी राजनीति में विधायकों और मंत्रियों को तोड़ने के लिए पैकेज दे रही है। उत्तर प्रदेश में अनेक मदरसों को बंद किए जाने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “ये (भाजपा के लोग) केवल मदरसे ही बंद नहीं कर रहे, बल्कि संस्कृत विद्यालय भी बंद कर रहे हैं। भाजपा केवल एक समाज की दुश्मन नहीं है, बल्कि देश की भी दुश्मन है।

Content Writer

Ramkesh