भारत बंद UP में बेअसर, किसानो को लेकर विपक्ष तलाश रहा जमीन: सतीश द्विवेदी

punjabkesari.in Tuesday, Dec 08, 2020 - 02:50 PM (IST)

बस्ती: उत्तर प्रदेश सरकार के बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉक्टर सतीश द्विवेदी ने आज कहा कि कृषि कानून को वापस लेने के लिये भारत बंद का राज्य में कोई असर नहीं है और इस मुद्दे को लेकर विपक्ष अपनी जमीन तलाश कर रहा है। ये विरोध किसानों का नहीं विपक्ष का है।

मगंलवार को बातचीत में उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। अपनी जमीन तलाश करने के लिए विपक्ष किसानों को आगे कर रही है। आज भारत बन्द का कोई असर नहीं दिखाई दे रहा है। सबका साथ सबका विकास के नारे के साथ चल रही प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार पर जनता पूरी तरह भरोसा करती है। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 तक किसानों की आय निश्चित रूप से दोगुना हो जायेगी।

मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व मे प्रदेश तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। कांग्रेस के युवराज मजाक बने हुए है। कांग्रेस का जनाधार समाप्त होने के कागार पर है। युवराज सोशल मीडिया पर बोलते है और उसी से समस्याओं का निदान करते हैं। द्विवेदी ने कहा कि इतिहास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली ऐसी सरकार है जिसने समर्थन मूल्य से अधिक दाम पर किसानों से अनाज खरीदा है।

देश का किसान चाहे छोटा हो या बड़ा सभी लोगों को 6 हजार प्रति वर्ष दिया जा रहा है। किसानों का तो कोई मुद्दा ही नहीं है। प्रदर्शन विपक्ष का है। किसानों का धान सीधे खरीदा जा रहा है और उनके खातों में सीधे भुगतान किया जा रहा है। तीन दिन में उनको भुगतान प्राप्त हो रहा है।

Umakant yadav