क्रिकेट मैच में भारत की बेटियों ने देश की ताकत दिखाई: रामनाईक

punjabkesari.in Sunday, Sep 10, 2017 - 02:12 PM (IST)

लखनऊः बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे हैं, अपनी मेहनत व साहस के बल पर समाज के विकास में अहम भूमिका अदा कर रही है। उनकी प्रतिभा को पहचान कर उन्हें हमेशा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना चाहिए। इसी के चलते उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने आयोजित एक समारोह में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्यों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि क्रिकेट मैच में भारत की बेटियों ने देश की ताकत दिखाई है।

इस मौके पर राज्यपाल ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम का अभिनन्दन करते हुए कहा कि क्रिकेट मैच में भारत की बेटियां देश की ताकत बन रही हैं। खेल में हार-जीत तो होती रहती है। हार-जीत उसकी होती है जो खेलता है। हारने का दुःख नहीं होना चाहिए, बल्कि अच्छा खेलने का प्रयास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतवासियों को उन पर अभिमान है।

उन्होंने कहा कि पूर्व में लोग सोचते थे कि सारे खेल महिलाओं के लिए नहीं हैं। पहले महिलाएं केवल शिक्षिका, नर्स, चिकित्सक आदि सेवाओं में होती थीं। महिलाओं का सशक्तीकरण हो रहा है। आज की महिला सेना, पायलट आदि के क्षेत्र में भी अपना योगदान दे रही हैं। इस बदलाव की भूमिका में विश्वविद्यालय में भी छात्राओं को 65 प्रतिशत पदक प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह देश के लिए शुभ संकेत है।

वहीं इस अवसर पर मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने क्रिकेट टीम का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने देश का नाम रोशन किया है। महिलाओं को समाज का समर्थन मिले तो वे हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपनी मेहनत और क्षमता के आधार पर अपना स्थान स्वयं बना रही हैं।