पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का बड़ा बयान, कहा- भारत विश्व की तीन आर्थिक महाशक्तियों में होगा शामिल

punjabkesari.in Monday, Jun 26, 2023 - 02:38 PM (IST)

कानपुर: भारत की दुनियाभर में बढ़ रही ताकत को लेकर बात पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि भारत जल्द ही विश्व की तीन आर्थिक महाशक्तियों में से एक होगा। वैश्विक अर्थशास्त्री इस बात को मान चुके हैं। आर्थिक महाशक्ति बनने के चलते पूरी दुनिया भारत की ओर आकर्षित होगी। जी-20 फोरम की अध्यक्षता भारत को मिली है। यह देश के विकास की गौरव यात्रा है। यह बात पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मोतीझील के लाजपत भवन में आयोजित कानपुर कपड़ा कमेटी के शताब्दी समारोह में कहीं। उन्होंने कमेटी के पूर्व पदाधिकारियों को सम्मानित भी किया।



कोरोना काल में जो स्थिति थी, उसे कोई भूल नहीं सकता
पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि कोरोना काल में जो स्थिति थी, उसे कोई भूल नहीं सकता है। किसी ने अपनों को खोया तो किसी ने अपने करीबियों को खो दिया। ऐसे में लोगों ने कहा कि बाहर से वैक्सीन खरीद कर लोगों को लगाई जाए, लेकिन भारत ने अपने सामर्थ्य को पहचाना और दो महीने के अंदर वैक्सीन तैयार कर ली। पड़ोसी देशों को भी मुफ्त में वैक्सीन दी।



रूस-यूक्रेन में फंसे 23 हजार स्टूडेंट सकुशल भारत लौटे
पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि जब रूस और यूक्रेन का युद्ध शुरू हुआ तो यूक्रेन में 23 हजार स्टूडेंट भारत के फंस गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों देशों के प्रधानमंत्री से बात की और सभी को सकुशल अपने देश बुला लिया, जबकि अमेरिका और चाइना जैसे देशों ने अपने देश के स्टूडेंट से कह दिया था कि अपने हिसाब से वापसी करें।

Content Writer

Ajay kumar