इस फेमस Influencer पर टूटा दुखों का पहाड़! ढाई साल की बेटी की पानी के टब में डूबने से मौत, हादसे से शोक में डूबा पूरा क्षेत्र

punjabkesari.in Thursday, Jan 22, 2026 - 04:39 PM (IST)

UP Desk : हिमाचल प्रदेश से एक बेहद मार्मिक और दुखद खबर सामने आई है। राज्य के लोकप्रिय कंटेंट क्रिएटर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर संजय ठाकुर, जिन्हें लोग ‘केशू राजपूत’ के नाम से जानते हैं, की ढाई वर्षीय बेटी हिताशी का एक हादसे में निधन हो गया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

खेलते-खेलते पानी के टब में डूब गई मासूम 
जानकारी के मुताबिक, यह हृदयविदारक हादसा मसेरन पंचायत के तारंगला गांव में मंगलवार सुबह हुआ। परिजन अपने रोजमर्रा के कार्यों में व्यस्त थे, जबकि मासूम हिताशी घर के बरामदे में खेल रही थी। इसी दौरान खेलते-खेलते वह बरामदे में रखे पानी से भरे एक टब में गिर गई। जब परिजनों की नजर बच्ची पर पड़ी और उसे बाहर निकाला गया, तब तक काफी देर हो चुकी थी।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ 
परिजन बच्ची को तत्काल नागरिक अस्पताल सरकाघाट लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन जांच के बाद हिताशी को मृत घोषित कर दिया गया। बच्ची की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। प्रारंभिक जांच में इसे एक दुर्घटनात्मक हादसा माना जा रहा है।

विधायक दिलीप ठाकुर ने भी व्यक्त किया गहरा दुख  
संजय ठाकुर हिमाचल प्रदेश में अपने कॉमेडी और सामाजिक संदेशों से जुड़े वीडियो के लिए खास पहचान रखते हैं। उनकी बेटी के निधन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई है। प्रशंसकों और शुभचिंतकों के साथ-साथ स्थानीय विधायक दिलीप ठाकुर ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई है। फिलहाल परिवार इस अपूरणीय क्षति से उबरने की कोशिश कर रहा है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static