बाल सुधार गृह में केंद्रीय मंत्री का औचक निरीक्षण, कपड़े धोते और खाना बनाते मिले बच्चे

punjabkesari.in Sunday, May 14, 2017 - 01:54 PM (IST)

शाहजहांपुर: शाहजहांपुर के बाल सुधार गृह में केंद्रीय मंत्री कृष्णा राज ने छापा मारा। यहां निरीक्षण में बच्चे खाना बनाते और कपड़े धोते मिले। जिसे देख मंत्री आग बबूला हो गई। उन्होंने कहा कि उच्च स्तर पर अधिकारियों को निर्देशित कर इनके खिलाफ जांच की जाएगी उसके बाद इन्हें सजा जरूर मिलेगी। 

यही नहीं बच्चों ने उनके साथ मारपीट की बात भी मंत्री को बताईं। इससे बिफरी मंत्री ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। मंत्री ने कहा कि मैंने खुद यहां अव्यवस्था देखी है, वार्डेन सहित सभी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जांच के दौरान केंद्रीय मंत्री ने सुधार गृह की रसोई से लेकर हर जगह का दौरा किया। कहीं बच्चे खाना बनाते ​मिले, तो कहीं कपड़े धोते दिखाई दिए। इसके बाद मंत्री ने खुद बच्चों से बात की तो उनका दर्द छलक पड़ा। उन्होंने बताया कि उन्हें गालियां दी जाती हैं, पिटाई भी की जाती है। झाड़ू पोछे से लेकर हर काम उनसे कराया जाता है।

इस संबंध में मंत्री कृष्णा राज ने कहा कि मैं चुपचाप यही सारी अव्यवस्था देखने आई थी। एक बच्चा मिस है। आखिर इन बच्चों के साथ हो कैसे रहा है। यहां का अधिकारी और स्टाफ कुछ काम नहीं करता है।

उसकी संवेदनहीनता और अन्य शिकायतों को मैंने जुटा लिया है। उच्च स्तर पर अधिकारियों को निर्देशित कर इनके खिलाफ जांच की जाएगी उसके बाद इन्हें सजा जरूर मिलेगी। इन्होंने बदतर स्थिति में बच्चों को रखा है। इनको कार्य करने के लिए जो बजट दिया गया है, उस पर भी निगरानी होगी।