DGP ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर समुचित सुरक्षा-व्यवस्था के दिए निर्देश

punjabkesari.in Thursday, Aug 22, 2019 - 10:20 AM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओपी सिंह ने जन्माष्टमी का त्यौहार सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। डीजीपी ने सभी जोनल अपर पुलिस महानिदेशकों एवं अपर पुलिस महानिदेशकों के अलावा रेलवे परिक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, उप महानिरीक्षक और सभी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों एवं जिला प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

अपने निर्देशों में डीजीपी ने कहा कि 23 अगस्त को श्रीकृष्णा जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिरों, घरों एवं प्रतिष्ठानों आदि में भगवान श्रीकृष्ण और विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियां सजाई जाती हैं, सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। झांकियों के दर्शनार्थ महिलाएं, पुरुष, बच्चे देर रात्रि तक एक स्थान से दूसरे स्थान तक भ्रमणशील रहते हैं। इस पर्व पर पूर्व से ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा संबंधित विभागों एवं समाज के गणमान्य व्यक्तियों के साथ संयुक्त मीटिंग आयोजित कर सभी के उत्तरदायित्वों का निर्धारिण करते हुए यदि कोई विवाद/समस्या हो तो समय से निराकरण करा लिया जाए।

उन्होंने कहा कि सादे वस्त्रों में भी पुलिसकर्मी व महिला पुलिस की संयुक्त टीमों को लगाई जाए। ऐसे अवसर पर सोशल मीडिया की खबरों पर सतर्क दृष्टि रखी जाए। डिजिटल वालंटियर ग्रुप को सक्रिय रखते हुए आवश्यकतानुसार तत्काल अफवाहों का खंडन किया जाए। दिए गए निर्देशों का अनुपालन कराते एवं करते हुए समुचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि जन्माष्टमी का पर्व सकुशल संपन्न हो सके।

Deepika Rajput