''प्राइवेट सेक्टर की भागीदारी से इको-टूरिज्म डेस्टिनेशन पर विकसित हों वर्ल्ड क्लास फैसिलिटी'', CM Yogi का निर्देश

punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 12:37 PM (IST)

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में 'इको-टूरिज्म' को रोजगार सृजन, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास का प्रमुख आधार बनाते हुए इसके लिए एक समग्र एवं समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश इको टूरिज्म विकास बोर्ड की बैठक में कहा कि प्रदेश की समृद्ध जैवविविधता, वन क्षेत्रों और प्राकृतिक विरासत में 'इको-टूरिज्म' (पर्यावरण अनुकूल पर्यटन) की अपार संभावनाएं निहित हैं, जिन्हें योजनाबद्ध ढंग से धरातल पर उतारने की आवश्यकता है। 

उन्होंने कहा कि इसके लिए निजी क्षेत्र की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि 'इको-टूरिज्म' को एक सशक्त और सतत उद्योग के रूप में विकसित किया जा सके। योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिये कि चयनित 'इको-पर्यटन' स्थलों पर पर्यटकों के लिए अच्छे होटल और स्तरीय रेस्तरां, गुणवत्तापूर्ण आवासीय सुविधाएं और आधुनिक बुनियादी ढांचा विकसित किया जाए जिससे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित किया जा सके। 

उन्होंने कहा कि गोरखपुर का कुसम्ही जंगल, अयोध्या का कुमारगंज क्षेत्र, गाजीपुर का कामाख्या वन पार्क तथा लखीमपुर खीरी की महेशपुर रेंज जैसे संभावनाशील क्षेत्रों को निजी-सार्वजनिक भागीदारी मॉडल के माध्यम से विकसित किया जाए और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static