WhatsApp के जरिए संचालित हो रहे अंतरराष्ट्रीय चाइल्ड पॉर्न ग्रुप का पर्दाफाश

punjabkesari.in Friday, Feb 23, 2018 - 12:54 PM (IST)

कन्नौजः सीबीआई ने वॉट्सएप के जरिए संचालित हो रहे अंतरराष्ट्रीय चाइल्ड पॉर्न ग्रुप का पर्दाफाश किया है। ग्रुप के 5 एडमिन भारत से थे, जिनमें से एक एडमिन को सीबीआई ने कन्नौज से गिरफ्तार किया है। भारत के अलावा अमेरिका, चाईना, मेक्सिको, अफगानिस्तान, ब्राजील, पाकिस्तान, श्रीलंका, नाइजीरिया, केन्या के लोग भी इस ग्रुप में शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक सीबीआई ने अंडरकवर रहते हुए ग्रुप जॉइन किया और एप को सर्विलांस पर रखा। सीबीआई ने ग्रुप एडमिन के आईपी एड्रेस को ट्रेस किया और उस पर नजर रखी। जांच के बाद शक यकीन में बदल गया। दिल्ली से आई सीबीआई की टीम ने सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हरदेवगंज निवासी कुनाल वर्मा को स्थानीय पुलिस के साथ घर पर छापा मारकर गिरफ्तार किया। उससे चाइल्ड पोर्न ग्रुप के माध्यम से सोशल साइट्स पर युवाओं व किशोरों को चंगुल में फंसाने को लेकर कड़ी पूछताछ की गई, जिसके चलते आरोपी ने अपना जुर्म कबूल लिया।

बता दें कि यह वॉट्सएप ग्रुप कोई आम ग्रुप नहीं था। इस ग्रुप में दुनिया के अलग-अलग कोने के लोग जुड़े हैं और इसकी पहुंच पूरी दुनिया में है। यह एक मास्टर ग्रुप की तरह काम करता था जिसमें लोग पॉर्न अपलोड करते थे और दूसरे लोग वहां से वीडियो डाउनलोड करके डिस्ट्रीब्यूट करते थे।