Noida News: ग्रेटर नोएडा के एक्सो मार्ट में आज से शुरू होगा इंटरनेशनल ट्रेड शो, उपराष्ट्रपति और CM योगी करेंगे शुभारंभ

punjabkesari.in Wednesday, Sep 25, 2024 - 07:30 AM (IST)

Noida News: (अश्वनी कुमार सिंह) उद्यमियों की आशाओं और संभावनाओं का महाकुंभ यानी उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) के दूसरे संस्करण का शुभारंभ बुधवार को यानी आज (25 सितंबर) ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में होगा। बुधवार सुबह 12 बजे उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में इस मेगा शो का शुभारंभ करेंगे। दूसरा संस्करण पहले संस्करण से भी बड़ा होने जा रहा है। इसकी पहुंच, व्यापार, और संभावनाओं के मामले में बड़ी आकांक्षाएं हैं। इस भव्य आयोजन के माध्यम से दुनिया प्रदेश के क्राफ्ट, कुजीन और कल्चर से रूबरू होगी। 

ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में निर्मित और बनाए गए उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा, तो भारत और वियतनाम का जायका भी आगंतुकों को आकर्षित करेगा। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए उन्हें प्रदेश के कल्चर से भी अवगत कराया जाएगा। शो का समापन 29 सितंबर को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल द्वारा किया जाएगा।

PunjabKesari

एमएसएमई, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने बताया कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो आज विश्वपटल पर ब्रांड यूपी की पहचान बन गया है। आयोजन में 2500 स्टाल्स एवं प्रदर्शनियों के माध्यम से देश-दुनिया के सामने उत्तर प्रदेश के हुनर को प्रदर्शित किया जा रहा है। अब तक 70 देशों के 350 से अधिक क्रेताओं द्वारा अपना प्रतिभाग करने हेतु पंजीकरण कराया जा चुका है, यह संख्या और भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि आयोजन में साढ़े तीन लाख से अधिक लोगों के आने की संभावना है, जो विगत वर्ष से भी अधिक है।

PunjabKesari

सचान ने बताया कि इंडियन काउंसिल फॉर कल्चरल रिलेशंस के सहयोग से वियतनाम, बोलीविया, रूस, वेनेजुएला, मिश्र एवं कजाकिस्तान के सांस्कृतिक ग्रुप्स द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन भी किए जाएंगे। उत्तर प्रदेश के परम्परागत परिवेश एवं परिधान को दुनिया के सामने एक फैशन शो के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। फैशन शो में कपड़ा मंत्री, भारत सरकार गिरिराज किशोर द्वारा शोभा शोभा बढ़ाई जाएगी। शुभारम्भ सत्र में देश के एमएसएमई मंत्री जीतन राम मांझी एवं प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल नंदी द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा।

PunjabKesari

उन्होंने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2024 में उत्तर प्रदेश के विभिन्न विभागों द्वारा अपने अभिनव प्रयासों, उत्पादों को शोकेस किया जा रहा है। ओडीओपी, खादी एवं ग्रामोद्योग, ग्राम्य विकास तथा संस्कृति एवं सूचना विभाग द्वारा विभिन्न प्रदर्शनियों के माध्यम से अपनी उपलब्धियों को शोकेस किया जा रहा है। साथ ही साथ प्रदेश के उभरते निर्यातकों द्वारा अपने उत्पादों के प्रदर्शन के माध्यम से अपनी दक्षता का परिचय दिया जाएगा। रक्षा विनिर्माण के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की उपलब्धियों को इस आयोजन के माध्यम से दर्शाया जा रहा है। स्टाटर् अप, ई-कॉमर्स, एक्सपोट्र्स आदि विषयों पर तकनीकी सत्रों का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से उद्यमियों और युवाओं को एक नई दिशा एवं द्दष्टि प्राप्त होगी।

PunjabKesari

इस आयोजन में कई आकर्षक गतिविधियों का समावेश होगा, जिसमें सम्मेलन, उत्पाद प्रदर्शन, फैशन शो और लेजर शो शामिल हैं। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों ब्रज, अवध, रोहिलखंड, बुंदेलखंड, पूर्वांचल, और पश्चिमी यूपी की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, संस्कृति विभाग द्वारा प्रस्तुत की जाएंगी। दर्शक शिव तांडव और कथक नृत्य नाटकों जैसी शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुतियों का आनंद ले सकेंगे, जो उन्हें मंत्रमुग्ध कर देंगी। प्रसिद्ध कलाकार जैसे अंकित तिवारी, कनिका कपूर और पलाश सेन का यूफोरिया बैंड अपने संगीत से दर्शकों का दिल जीतेगा।

PunjabKesari

इसके अलावा, इस वर्ष के पाटर्नर कंट्री वियतनाम की अंतररष्ट्रीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। साथ ही आईसीसीआर (भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद) के सहयोग से बोलीविया, रूस, बांग्लादेश, कजाकिस्तान, ब्राज़ील, वेनेजुएला और मिस्र के कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 11 बजे से 3 बजे तक बिजनस आवर्स होंगे, जबकि शाम 3 बजे से रात 10 बजे तक फेयर आम लोगों के लिए खुला रहेगा। इसमें लोग आकर प्रदेश के हस्तशील और वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट्स को देख सकेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static