पैसे के अभाव में चकनाचूर हो रहा इस अंतराष्ट्रीय महिला खिलाड़ी का सपना

punjabkesari.in Thursday, Sep 22, 2016 - 05:11 PM (IST)

मिर्जापुर(बृज मौर्या): ओलम्पिक में जब कोई खिलाड़ी मेडल जीतता है तो खिलाडिय़ों पर सरकार से लेकर निजी कंपनियां सभी पैसे की बारिश कर देती हैं। मगर इससे पहले ये खिलाड़ी किन मुश्किलों का सामना करते हैं इसकी परवाह न तो सरकार को होती है न ही किसी कंपनी को। सरकार से लेकर कंपनियां तक इन खिलाडिय़ों की मदद के लिए आगे नहीं आतीं। जबकि ये खिलाड़ी सरकार से मदद की गुहार भी लगाते हैं। 

ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जनपद में सामने आया है। यहां की रहने वाली अंतराष्ट्रीय महिला पॉवर लिफ्टर खिलाड़ी निधि सिंह पटेल का सपना पैसे के अभाव में चकनाचूर होता दिख रहा है। 13 नवंबर से 14 नवंबर तक आयोजित पॉवर लिप्टिंग वल्र्ड चैम्पियनशिप प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए उसे फ्लोरिडा अमेरिका जाना है। जिसमें 45 देशों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उत्तर प्रदेश से सिर्फ निधि का चयन हुआ है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए निधि को इस समय 2 लाख रुपयों की सख्त जरूरत है। लेकिन पैसे के अभाव में उनका यह सपना टूटता हुआ नजर आ रहा है। मदत के लिए वह राज्य के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से जनता दरबार में मिल चुकी हैं। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद उम्मीद की किरण कुछ दिखी थी मगर वह फिर धूमिल हो जा रही है। सरकार की तरफ से अभी तक उसे कोई मदद नहीं मिला है जबकि प्रतियोगिता के लिए अब एक महीने से भी कम समय बचे हैं। निधि को अगर प्रतियोगिता में भाग लेना है तो जल्द से जल्द पैसा का इंतजाम करना होगा। मगर अभी तक कोई भी उसकी मदद के लिए सामने नहीं आया है। सभी ने हाथ खड़े कर दिए हैं।

वहीं प्रदेश में खेल में अफसरशाही और खराब व्यवस्था से परेशान निधि का कहना है कि अगर सरकार और मुख्यमंत्री मदद नहीं करते हैं तो इस बार उसका वाल्र्ड चैम्पियनशिप में भाग लेना कठिन है। अगर उसे इस बार मदद नहीं मिली तो वह यूपी छोड़ कर किसी और राज्य से खेलेगी। 

जीत चुकी हैं एशिया की सबसे शक्तिशाली महिला का खि़ताब
29 सितम्बर 2015 को ओमान में हुए प्रतियोगिता में भी उन्हें गोल्ड मेडल और एशिया की सबसे शक्तिशाली महिला का खिताब मिल चुका है। निधि ने अब तक 6 गोल्ड 2 सिल्वर और 3 ब्रॉन्स मैडल जीतकर देश का मान बढ़ाया है।