महिलाओं से मारपीट के आरोप में गिरफ्तार हुए स्वामी आनंद, 26 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजे गए

punjabkesari.in Tuesday, May 07, 2019 - 02:24 PM (IST)

प्रयागराजः इंटरनेशनल योग गुरु स्वामी आनंद गिरि को महिलाओं से मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के सिडनी से रविवार दोपहर 12:35 बजे गिरफ्तार किया गया। फिलहाल उन्हें 26 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

स्वामी आनंद गिरी के गुरु ने की पुष्टि
आनंद गिरी के गुरु व अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि साल 2016 में एक सत्संग कार्यक्रम के दौरान दो महिलाओं के साथ मारपीट हुई थी। महिलाओं के साथ अभद्रता भी की गई थी। महिलाओं ने गिरि के खिलाफ शिकायत की थी। नरेंद्र गिरी ने कहा कि 2019 कुंभ मेले के दौरान बड़े संतों को यहां जगह नहीं मिली थी। मेले के दौरान कई फर्जी बाबाओं को बाहर किया गया था। उन्होंने संभावना जताई है कि ऐसा हो सकता है कि किसी की चाल हो। हालांकि, वो किसी पर आरोप नहीं लगा रहे हैं।

आरोप लगाने वाली महिलाएं योग गुरु की हैं परिचित 

आरोपों के अनुसार, पहली घटना 2016 की है, जब योग गुरु नए साल के मौके पर रूटी हिल क्षेत्र स्थित एक घर में आयोजित प्रार्थना में शामिल होने गए थे। यहां वह 29 वर्षीय महिला से मिले और उससे अमर्यादित आचरण किया। दूसरी घटना भी यहां की ही है। नवंबर 2018 में यहां स्थित एक घर में योग गुरु को प्रार्थना के लिए आमंत्रित किया गया था। यहां उन्होंने 34 वर्षीय महिला के साथ घर के बरामदे में अमर्यादित आचरण किया। आरोप लगाने वाली दोनों ही महिलाएं योग गुरु की परिचित बताई जा रही हैं।

जानिए, कौन हैं स्वामी आनंद गिरि

स्वामी आनंद गिरि प्रयागराज लेटे हनुमान मंदिर के छोटे महंत हैं। साथ ही वह निरंजन अखाड़े के पदाधिकारी हैं। उन्होंने हांगकांग, लंदन, साउथ अफ्रीका, पेरिस और मेलबर्न समेत 30 देशों की यात्रा कर योग की शिक्षा दी। वह कैंब्रिज, ऑक्सफोर्ड और सिडनी जैसी कई यूनिवर्सिटी में लेक्चर देने भी जाते हैं।

Deepika Rajput