Interstate Smuggler: बांदा में 6 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 13 लाख रुपए का अवैध गांजा एवं तीन वाहन जब्त

punjabkesari.in Wednesday, Dec 28, 2022 - 08:44 PM (IST)

बांदा, Interstate smuggler: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में पुलिस ने ओडिशा से लाए गए तेरह लाख रुपए का अवैध गांजा बरामद कर एक अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने इस मामले में छह तस्करों को गिरफ्तार किया है।

82 किलो 35 ग्राम अवैध गांजा बरामद
पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर अंबुजा त्रिवेदी ने बुधवार को बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना पर पुलिस ने कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर महोखर गांव के पास ओडिशा से लाए गए अवैध गांजे की बिक्री और खरीद करते छह अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। जिनके पास से 82 किलो 35 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है। जिसकी अनुमानित कीमत लगभग तेरह लाख रुपए बताई गई है। उन्होंने बताया कि मौके से तस्करी में प्रयुक्त तीन वाहन भी बरामद किए गए।

गिरोह के मुख्य सरगना निकला संगम साहू
पुलिस ने मौके से गिरफ्तार बांदा नगर के सिविल लाइंस मोहल्ला निवासी गिरोह के मुख्य सरगना संगम साहू, धीरज नगर लोहार तलैया निवासी सरवन यादव, मर्दननाका मोहल्ला निवासी याकूब , गिरवां थाना क्षेत्र के पतरहा गांव निवासी राम लखन अवस्थी, थाना कोतवाली देहात के महोखर गांव निवासी सुरेश कुमार और चित्रकूट जिले के थाना कर्वी कोतवाली क्षेत्र के जगदीश गंज निवासी विजय कुमार गुप्ता नामक कथित तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

ओडिशा से गांजे की तस्करी कर अन्य तस्करों को थोक में बेचता था साहू
पुलिस क्षेत्राधिकारी के अनुसार गिरोह का मुख्य सरगना साहू ओडिशा से गांजे की तस्करी कर अन्य तस्करों को थोक में बेचता था और अन्य तस्कर थोक में गांजा खरीद कर जिले के सीमावर्ती जनपदों और मध्य प्रदेश के सीमावर्ती जनपदों में बिक्री हेतु ले जाते थे। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि इसके पूर्व भी गिरोह का मुख्य सरगना साहू 28 दिसंबर, 2021 को ओडिशा से लाए गए 195 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया था। जेल जाने के बाद वह 16 फरवरी को जेल से रिहा हुआ था। पुलिस अधीक्षक ने इस उपलब्धि के लिए पुलिस टीम को 5000 रुपए नगद पुरस्कार देने की घोषणा की।

Content Writer

Mamta Yadav