IPS की मां की लूट पाट के बाद निर्मम हत्या, जांच में जुटी पुलिस
punjabkesari.in Sunday, Aug 16, 2026 - 11:24 PM (IST)
यूपी डेस्क : आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा के अंबेडकर नगर जिले के रुधा धम्रुआ गांव स्थित उनके घर में उनकी मां की कथित तौर पर हत्या किए जाने और आभूषणों की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की 95 वर्षीय मां इंद्रावती रविवार को घर में एक चारपायी पर मृत पाई गईं।
अंबेडकरनगर में एक आईपीएस अधिकारी की माता जी की हत्या का दुखद समाचार आया है।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) August 16, 2026
उप्र मे पुलिस ही सुरक्षित नहीं है, दुर्भाग्यपूर्ण!
उन्होंने बताया कि इंद्रावती अपने पति के निधन के बाद से घर में अकेली ही रह रही थीं। लखनऊ में तैनात मिश्रा अपराह्न करीब तीन बजे गांव पहुंचे और अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और डकैती का मामला दर्ज कराया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सोने की चेन, नोज पिन, झुमके और पायल गायब थे, जबकि घर का कोई अन्य सामान अस्त-व्यस्त नहीं मिला।
उन्होंने बताया कि परिवार को शक है कि चोर शनिवार रात घर में घुसे और गहने ले जाने से पहले उनकी हत्या कर दी। मालीपुर के थानाध्यक्ष शशांक शुक्ला ने कहा, ''मौत कैसे हुई यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।" इसबीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया और राज्य सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा, "उत्तर प्रदेश में पुलिस खुद सुरक्षित नहीं है, यह दुर्भाग्यपूर्ण है।"

