‘मरा नहीं जिंदा है रामवृक्ष यादव!’

punjabkesari.in Wednesday, Jun 08, 2016 - 03:55 PM (IST)

मथुरा: मथुरा कांड के मास्टरमाइंड रामवृक्ष यादव को लेकर रोज नए-नए खुलासे और दावे किए जा रहे हैं। रामवृक्ष के वकील शशिकांत गौतम ने दावा किया है कि वह अभी मरा नहीं बल्कि जिंदा है। इतना ही नहीं गौतम ने जवाहरबाग में फायरिंग में 600 लोगों के मारे जाने का दावा किया है। लेकिन सवाल ये खड़ा होता है कि रामवृक्ष के वकील के दावों में कितनी सच्चाई है।
 
टाइम्स ऑफ इंडिया में कल छपी खबर के मुताबिक वकील गौतम का दावा है कि रामवृक्ष यादव पुलिस मुठभेड़ में नहीं मारा गया, क्योंकि घायल अवस्था में उसे पुलिस लाइन में देखा गया था। उसके बाद से वह गायब हो गया। वकील शशिकांत गौतम ने यह भी कहा कि पुलिस ने उन्हें जानबूझ कर रामवृक्ष का शव दिखाने से इनकार कर दिया था। जबकि रामवृक्ष यादव की बेटी ने वकील तरोनी कुमार गौतम को फोन कर रामवृक्ष यादव के शव की शिनाख्त के लिए भेजा था।
 
बता दें यूपी के पुलिस महानिदेशक जावीद अहमद ने ट्वीट कर मीडिया को जानकारी दी थी कि मथुरा कांड का मास्टरमाइंड रामवृक्ष यादव की मौत हो चुकी है। वहीं मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी रामवृक्ष के मारे जाने का बयान जारी किया है। मथुरा कांड का खलनायक रामवृक्ष यादव के वकील का यह दावा अब चौंकाने के लिए काफी है। हालांकि इस दावे में कितनी सच्चाई है यह कहना बहुत ही मुश्किल है।