'गर्व की बात है कि दुनिया के लोकप्रिय नेता के हाथों हुआ ‘स्वर्वेद महामंदिर' का उद्घाटन': CM योगी

punjabkesari.in Monday, Dec 18, 2023 - 03:52 PM (IST)

CM Yogi News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वाराणसी दौरे पर हैं। सीएम पीएम मोदी द्वारा किए गए स्वर्वेद महामंदिर के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित किया और पीएम मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, यह हमारे लिए गर्व की बात है कि दुनिया के सबसे बड़े ध्यान केंद्र ‘स्वर्वेद महामंदिर' का उद्घाटन दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता के हाथों हुआ, जिन्होंने भारत को सर्वांगीण विकास की एक नई गति और नई पहचान दी है।


बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को वाराणसी में दुनिया के सबसे बड़े ध्यान केंद्र ‘स्वर्वेद महामंदिर' का उद्घाटन किया। यह मंदिर 1,000 करोड़ की लागत से बना है। पिछले 20 सालों से यह मंदिर बन रहा है। यह सात मंजिल का है और दुनिया का सबसे बड़ा मेडिटेशन सेंटर है। यहां पर एक साथ 20,000 लोग योग और ध्यान कर सकते हैं। मंदिर के उद्घाटन समारोह में सभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा, 'स्वर्वेद महामंदिर धाम' सद्गुरु सदाफलदेव जी महाराज की पुण्य स्मृतियों को समर्पित है। सौ वर्ष पहले उन्होंने विहंगम योग की जिस साधना के लिए संत समाज की स्थापना की थी।


मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि शताब्दी वर्ष का ये कार्यक्रम विहंगम योग से संत समाज का प्रारंभ हुआ है और इससे सुखद अनुभूति और क्या हो सकती है कि दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता जिन्होंने भारत को सर्वांगीण विकास की एक नई गति दी है, एक नई पहचान दी है। भारत की विरासत पर दुनिया गौरव की अनुभूति कर सकें, इसका एहसास कराया है। वो देश के विकास के लिए पूरी ऊर्जा के साथ कार्य कर रहे हैं। इस दौरान सीएम ने अयोध्या में बन रहे राम मंदिर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, पांच सौ वर्षों से इंतजार कर रहे थे कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर का निर्माण हो। अब यह इंतजार खत्म हो गया है और हर भारतवासी का मन अपनी विरासत पर गौरव की अनुभूति करता हुआ दिखाई देता है।

Content Editor

Pooja Gill