जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह बोले- रामपुर के हर घर में 2024 तक पहुंचेगा शुद्ध जल

punjabkesari.in Thursday, May 05, 2022 - 04:14 PM (IST)

रामपुर: उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने नल से जल परियोजना पर तेजी से चल रहे काम के आधार पर गुरुवार को यहां विश्वास व्यक्त किया कि रामपुर में अगले 2 साल के भीतर हर घर को शुद्ध जल मुहैया होने लगेगा। सिंह ने विकास भवन सभागार में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था से सम्बंधित बैठक की। इसके बाद संवाददाता सम्मेलन में सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री की महत्वकांक्षी योजना के तहत हर घर में वर्ष 2024 तक स्वच्छ और शुद्ध जल पहुंचेगा। देश और प्रदेश में चलाई जा रही अन्य योजनाओं की तरह हर घर में जल पहुंचाने का कार्य भी युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।

जल शक्ति मंत्री ने कहा कि पानी की खराबी से बीमारियां पनपकर स्वास्थ को खराब करती हैं, जैसे गोरखपुर में दिमागी बुखार से जनधन को नुकसान हुआ। यह बीमारी भी अशुद्ध जल के कारण हुई थी। वहां भी स्वच्छ जल पहुंचाकर बीमारी पर नियंत्रण किया गया। उसी प्रकार पूरे रामपुर में हर घर में नल से जल पहुंचाकर स्वास्थ्य को सर्वोपरि रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के साथ स्वास्थ्य योजनाएं भी चलाई जा रही हैं ताकि जन सामान्य की सेहत का ख्याल रखा जा सके।

सिंह ने कहा कि 72 करोड़ रुपए की धनराशि से जिला रामपुर में विभिन्न विकास कार्य किये जायेंगे। इसके लिए शासन पूर्ण मनोयोग से और अधिकारी कर्तव्य परायणता के साथ बेहतर काम कर रहे हैं। उन्होंने जिले में सदर अस्पताल का निरीक्षण किया और मरीजों से हालचाल जाना। साथ ही जिले में कई योजनाओं का निरीक्षण किया और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static