योगी ने किया भारत-नेपाल मैत्री बस का स्वागत, कहा- अयोध्या और जनकपुर का रिश्ता होगा मजबूत

punjabkesari.in Saturday, May 12, 2018 - 01:40 PM (IST)

अयोध्याः भारत-नेपाल के सांस्कृतिक पौराणिक सम्बन्धों को मजबूत बनाने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या पहुंचकर मैत्री बस का स्वागत किया। जनकपुर-अयोध्या के बीच मैत्री बस सेवा के लिए उन्होंने पीएम मोदी और नेपाल के पीएम का आभार प्रकट किया।

उन्होंने कहा कि हजारों वर्ष पहले से नेपाल और भारत के सांस्कृतिक-सामाजिक संबंध जुड़े हैं। लोग बदल गए हैं, लेकिन भारत-नेपाल के संबंध आज भी अटूट है। अयोध्या के महाराजा दशरथ और जनकपुरी के राजा जनक का अटूट संबंध था। आज के समय में सांस्कृतिक संबंध राजनितिक संबंध से बड़े हो गए हैं। उन्होंने कहा कि जनकपुरी से अयोध्या के बीच की दुरी को कम करने के लिए भी भारत-नेपाल के बीच कुछ समझौते हो रहे हैं, जिससे सड़कें और बेहतर हो सकेंगी। अयोध्या-जनकपुरधाम बस सेवा दोनों राष्ट्रों के संबंधों को और मजबूत करेगी।

बता दें कि, इस बस सेवा का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नेपाल के जनकपुर में किया था। जनकपुर-अयोध्या के बीच मैत्री बस सेवा शुरू करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत और जनकपुर का नाता अटूट है। मैं सौभाग्यशाली हूं, जो माता जानकी के चरणों में आने का मौका मिला। 

गौरतलब है कि यह बस रामायण सर्किट के 2 सबसे महत्वपूर्ण स्थानों को जोड़ेगी। साथ ही यह बस सेवा दोनों देशों के पर्यटकों को तीर्थ यात्रा की सुविधा प्रदान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, जिससे दोनों देशों के संबंध और मजबूत करने में मदद मिलेगी। 

Deepika Rajput