Agra: जनकपुरी महोत्सव में बेकाबू सांड ने बच्चे को उठाकर पटका, 10 से अधिक घायल

punjabkesari.in Sunday, Sep 25, 2022 - 01:44 PM (IST)

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में जनकपुरी महोत्सव के दौरान एक सांड भीड़ में बेकाबू हो गया और पांच साल के एक बच्चे को उठाकर पटक दिया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद इसने हमला कर दस से अधिक लोगों को घायल कर दिया। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

घायलों में महिलायें और बच्चे शामिल 
पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार की रात करीब साढ़े नौ बजे की है। उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान एक सांड भीड़ में घुस गया और बच्चे को उठा कर पटक दिया। उन्होंने बताया कि इससे अफरा-तफरी मच गयी। उन्होंने बताया कि सांड ने बच्चे को बचाने वालों पर भी हमला कर दिया जिसमें दस से अधिक लोग घायल हो गये। उन्होंने बताया कि घायलों में महिलायें और बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि हमला करने के बाद सांड स्वयं ही दूसरी ओर निकल गया। उन्होंने बताया कि घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सांड ने बच्चे को सींगों पर उठाकर पटक दिया
गौरतलब है कि सीताजी के डोले के जनकपुरी मंच पर महोत्सव चल रहा था। तभी बूढ़ी का नगला की तरफ से दौड़ते हुए एक सांड भीड़ में घुस गया। सांड को देखते ही वहां मौके पर भगदड़ मच गई। लोग चीखने-चिल्लाने लगे। इसी बीच सांड ने जनकपुरी गेट के पास खड़े एक पांच साल के बच्चे को सींगों पर उठा लिया। वहां मौजूद अन्य लोगों जब तक कुछ समझ पाते सांड ने बच्चे को सड़क पर पटक दिया। जिससे बच्चा घायल हो गया।

सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी
हालांकि महोत्सव में मौजूद पुलिसकर्मियों ने सांड को रोकने की कोशिश की लेकिन तब तक सांड 10 से ज्यादा महिलाओं और बच्चों को टक्कर मारता हुआ दयालबाग की तरफ भाग निकला। वहीं सांड़ के हमले में घायल सभी लोगों को एंबुलेंस से निजी अस्पताल पहुंचाया गया। भीड़ में सांड़ घुस आने से काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा। उसके जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static