अयोध्या के दीपोत्सव की तरह खास ‘इवेन्ट'' बने जन्माष्टमी: योगी

punjabkesari.in Friday, Jul 12, 2019 - 09:55 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को निर्देश दिया कि ब्रज क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को अयोध्या के दीपोत्सव की तरह खास ‘इवेन्ट' के रूप में प्रस्तुत किया जाए। योगी ने यहां लोकभवन में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की दूसरी बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि ब्रज क्षेत्र को तीर्थ के रूप में विकसित करने के लिए चलायी जा रही विकास परियोजनाओं को तीव्र गति से पूर्ण किया जाए। सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय से पूरे किए जाएं। तीसरे पक्ष से इनका निरीक्षण कराने की भी व्यवस्था की जाए। 

उन्होंने कहा कि पूरे ब्रज तीर्थ क्षेत्र में प्लास्टिक, थर्मोकोल तथा इनसे निर्मित वस्तुओं के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबन्ध लगा दिया जाए, जिसका अनुपालन कड़ाई से सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने ब्रज क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को अयोध्या के दीपोत्सव की तरह ‘यूनीक इवेन्ट' के रूप में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि प्रदेश के साथ-साथ पूरे भारत से श्रद्धालुओं को इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया जा सके। उन्होंने ब्रज तीर्थ विकास परिषद को जन्माष्टमी को पूरी भव्यता के साथ मनाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। 

योगी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा दे रही है, जिसमें धार्मिक पर्यटन भी शामिल है। पर्यटन के माध्यम से बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित किया जा सकता है, जिससे हमारे नौजवानों को काम मिलेगा। उन्होंने इस क्षेत्र में मौजूद परिक्रमा पथों का विकास भलीभांति करने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं को परिक्रमा करने में कोई दिक्कत न हो। इन पथों पर सभी जन सुविधाओं का भी विकास करने के साथ-साथ उचित मार्ग प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने तीर्थ स्थलों पर यात्रियों के ठहरने की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तो बड़ी संख्या में पर्यटक इस क्षेत्र की ओर आकर्षित होंगे। ब्रज क्षेत्र के विकास में वृन्दावन की मूल आत्मा को अवश्य सहेजा जाए। उन्होंने कहा कि पर्यटकों के आने से इस क्षेत्र में पर्यटन सम्बन्धी गतिविधियां बढ़ेंगी। होटल, रेस्तरां इत्यादि स्थापित होंगे, जिससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार सृजन होगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार की बड़ी सम्भावनाएं मौजूद हैं।

उन्होंने पूरे ब्रज क्षेत्र में मौजूद सभी तालाबों, बावलियों को स्वच्छ बनाकर उनका विकास करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। योगी ने उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की द्वितीय बैठक की प्रस्तावित कार्य सूची के तहत परिषद की सात जून, 2018 को सम्पन्न प्रथम बैठक में लिए गए निर्णयों की पुष्टि तथा उनके अनुपालन के सम्बन्ध में अपर मुख्य सचिव सूचना तथा महानिदेशक पर्यटन अवनीश कुमार अवस्थी द्वारा दिए गए विस्तृत प्रस्तुतिकरण का अवलोकन किया। इसके अन्तर्गत उन्हें ब्रज क्षेत्र के विकास एवं सौन्दर्यीकरण हेतु तैयार की गई परियोजनाओं के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने ब्रज क्षेत्र में तीर्थ विकास के सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। 

Ajay kumar