हमीरपुर में हाईटेक कृषि विश्वविद्यालय की संभावना टटोलेगा जापानी प्रतिनिधिमंडल: निषाद

punjabkesari.in Friday, Dec 23, 2022 - 12:49 AM (IST)

हमीरपुर: जापान का एक प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में हाईटेक कृषि विश्व विद्यालयों की स्थापना की संभावना टटोलने 26 दिसम्बर को यहां आयेगा। जापान के दो मंत्री और अधिकारियों का दल उन्नाव और बांदा से भ्रमण करने के बाद राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद के गांव आयेगा। विश्वविद्यालय भारत व जापान सरकार द्वारा मिलकर स्थापित किया जायेगा। निषाद ने गुरूवार को बताया कि जिले में हाईटेक कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना की पूरी संभावना व्यक्त की जा रही है।       

दौरे में रक्षा उपमंत्री के साथ पूर्व आईटी मंत्री नेवकाजूटेकमेटो शामिल होगे
जापान के प्रतिनिधिमंडल के मोराकांदर गांव का कार्यक्रम तय किया है। दौरे में रक्षा उपमंत्री फ्यूजीमल सतोसी के साथ पूर्व आईटी मंत्री नेवकाजूटेकमेटो शामिल होगे। सांसद बाबूराम निषाद ने बताया कि जापान सरकार की दो सदस्यीय टीम 26 दिसंबर को लखनऊ से हैलीकाप्टर के द्वारा सुबह नौ बजे सबसे पहले जनपद उन्नाव के अजगैन में पहुंचेगी। इसके बाद 9:20 बजे वहां से बांदा जिले के बबेरू के मंडवा गांव के लिए रवाना हो जाएगी। इसके बाद टीम 10:45 बजे हमीरपुर जिले के मोराकांदर गांव हैलीकाप्टर आएगी। यह टीम भ्रमण कर भूमि संबंधी जानकारी लेगी। इसके बाद 11:30 बजे लखनऊ के लिए रवाना हो जाएगी।

इस मामले की जानकारी जिला प्रशासन को दे दी गयी है। सांसद ने बताया कि यदि विश्वविद्यालय की स्थापना होती है तो यह जिले के लिये बड़ी उपलब्धि होगी।

Content Writer

Mamta Yadav