जौनपुर: सपा विधायक ललई यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जानिए पूरा मामला

punjabkesari.in Friday, Nov 02, 2018 - 01:17 PM (IST)

जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर कोतवाली में समाजवादी पार्टी (सपा) से निष्कासित नेता ने पूर्व मंत्री एवं शाहगंज से विधायक शैलेंद्र यादव ललई पर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अनुशासनहीनता के आरोप में सपा से निष्कासित राजेंद्र यादव टाईगर की तहरीर पर गुरुवार शाम कोतवाली जौनपुर में विधायक शैलेन्द्र यादव के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

उल्लेखनीय है कि बीते बुधवार को सरदार पटेल जयंती पर सपा जिला कार्यालय में कार्यक्रम चल रहा था। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री एवं शाहगंज क्षेत्र से विधायक शैलेंद्र यादव ललई मौजूद थे। इस दौरान जिला अध्यक्ष लालबहादुर यादव सभा को संबोधित कर रहे थे। उसी बीच 6 अक्टूबर को पार्टी से निकाले गए राजेन्द्र यादव बोलने की जिद करने लगे।

इस बीच अनुशासनहीनता देख ललई यादव ने कड़ा विरोध किया और कहा जो व्यक्ति पार्टी से निष्कासित है उसे बोलने की अनुमति कैसे दी जा सकती है। वह अपनी जिद पर अड़े रहे। इसके बाद ललई यादव का तेवर भांप राकेश यादव और अलमास सिद्दकी ने उन्हें बाहर जाने को कहा लेकिन जब वे नहीं गए, तब उसे हाथ पकड़ कर बाहर कर दिया। इस बात को लेकर राजेंद्र यादव ने विधायक एवं उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Anil Kapoor