जयंती विशेषः ''मिसाइल मैन'' अब्दुल कलाम जिन्होंने देश के दिल में बनाई विशेष जगह

punjabkesari.in Thursday, Oct 15, 2020 - 10:52 AM (IST)

यूपी डेस्कः डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम... देश के 11वें और सबसे लोकप्रिय राष्ट्रपति जिन्होंने बच्चों बूढ़ों और जवान सभी के दिल में अपनी खास जगह बनाई। वह सरलता सादगी को बहुत ज्यादा मानते थे। उनकी जीवनकथा कईयों के लिए आज भी प्रेरणा है। आज 15 अक्तूबर को उनका जन्मदिवस है। उनका जन्म 15 अक्तूबर 1931 को हुआ था।

वह 2002 में भारत के 11वें राष्ट्रपति चुने गए थे। उनके जीवन का एक-एक किस्सा प्रेरणादायी है। आज भी उनकी हर सीख हर बात को लोग अपनी जिंदगी में आत्मसात करते हैं। 27 जुलाई साल 2015 को कलाम ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया था।

कलाम का जन्म तमिलनाडु के रामेश्वरम में तमिल मुस्लिम परिवार में हुआ। वे एक साधारण परिवार के निकल कर आए जहां उनके पिता एक नाव चलाते थे और माता गृहिणी थी। अपनी पिता की मदद करने के लिए वे स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद अखबार बांटते थे। 1955 में वे अपनी आगे की पढ़ाई करने के लिए मद्रास चले गए।

साल 2002 में एपीजे अब्दुल कलाम ने भारी मतों से राष्ट्रपति चुनाव जीता। राष्ट्रपति के रूप में उनका कार्यकाल 25 जुलाई 2002 से 25 जुलाई 2007 तक रहा। उन्हें भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का समर्थन मिला। उन्हें भारत के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘भारत रत्न' से सम्मानित किया गया और इसे पाने वाले वे तीसरे व्यक्ति थे। 2012 में उन्होंने फिर से राष्ट्रपति पद ग्रहण करने से मना कर दिया।

 

 

Moulshree Tripathi