PICS: 15 साल रहे लिव-इन-रिलेशनशिप में, बुजुर्ग होने पर की धूमधाम से शादी, जानिए क्यों?

punjabkesari.in Sunday, May 22, 2016 - 12:45 PM (IST)

झांसी:  उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में 15 साल से लिव इन रिलेशन में रह रहे बुजुर्ग कपल की शनिवार को बड़ी ही धूमधाम से शादी की गई। दोनों की मटक भंवर रीति-रिवाज से शादी हुई। बताया जा रहा है कि दूल्हे की उम्र 70 और दुल्हन की उम्र 65 साल है। 

जानकारी के अनुसार बुजुर्ग बीजू 15 साल पहले ललितपुर स्‍टेशन गए थे। वहां पर उनकी नजर स्टेशन पर बैठी एक महिला पर पड़ी, वह महिला बहुत परेशान दिख रही थी। वह उसके पास गए और उन्होंने उससे बात की। उन्होंने उससे पूछा कि वह कहां से आई है और कहां जा रही है। इस पर महिला ने बताया कि वह उड़ीसा से आई है और उसका नाम गोली है। 

महिला ने बताया कि वह इस समय बहुत परेशान है। उसका उसके घरवालों और पति से कोई संबंध नहीं है। बुजुर्ग ने बताया कि महिला की बात सुन मेरा दिल पसीज गया और मैं उसे अपने साथ घर ले आया। इसके बाद हम दोनों साथ-साथ रहने लगे। लोगों के कहने पर हमने मटक भंवर में शादी कर ली।

बता दें कि बुंदेलखंडी रीति-रिवाज के अनुसार जब लड़का कुंवारा हो और लड़की पहले से ही शादीशुदा हो, तो वो एक साथ सात फेरे नहीं ले सकते। ऐसे में एक मटके को सजाया जाता है, जिसमें मंगलसूत्र, सिंदूर और फूल-माला रख दी जाती है। इसके बाद दूल्हा उस मटके को लेकर साथ फेरे लेता है और उसका विवाह संपन्न हो जाता है।