Jhansi News: मासूम बेटे को मारकर खूंटी पर लटकाया शव, पत्नी का गला दबाकर दे दी दर्दनाक मौत...फिर किया सुसाइड

punjabkesari.in Sunday, Jun 02, 2024 - 09:50 AM (IST)

Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां पर जन्मदिन समारोह में शामिल होने आए युवक ने ससुराल में अपने चार साल के मासूम बेटे और पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी फंदे से लटककर मौत को गले लगा लिया। युवक की लाश किचन में और पत्नी और बेटे की लाश पास के कमरे में मिली। इस घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

जानिए क्या है पूरा मामला
बता दें कि झांसी में शहर कोतवाली अंतर्गत पठौरिया में रहने वाले नीलेश साहू की शादी करीब 10 साल पहले प्रेमनगर की प्रियंका के साथ हुई थी। शादी के करीब 5-6 साल बाद दोनों का एक बेटा हुआ। नीलेश टैक्सी चलाता था। वह शराब पीने का आदी था, जिस वजह से अक्सर दोनों पति पत्नी में झगड़ा होता था। 29 मई को प्रियंका के भाई के बेटे का पहला जन्मदिन था, जिसमें शामिल होने के लिए प्रियंका अपने पति नीलेश और 4 वर्षीय बेटे हिमांशु के साथ मायके नैनागढ़ पहुंची थी। जन्मदिन में शामिल होने के बाद वह ससुराल वापस नहीं गई, जिस कारण पति से उसका झगड़ा हो गया। गुस्से में नीलेश अपने बेटे को लेकर घर लौट गया। इसके बाद वो फिर एक जून को ससुराल गया। इस दौरान सिर्फ उसकी पत्नी ही घर में थी। तभी दोनों के बीच झगड़ा हो गया। गुस्से में नीलेश ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इससे भी नीलेश का गुस्सा शांत नहीं हुआ तो उसने 4 साल के बेटे हिमांशु को भी मार डाला और शव दीवार की खूंटी से लटका दिया। फिर किचन में जाकर फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
जब प्रियंका का भाई घर लौटा तो घर में पड़े शवों को देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने इसकी जानकारी अपने परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम और फील्ड यूनिट ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर परिजनों से पूछताछ की। फिलहाल, पुलिस  सीसीटीवी खंगाल रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static