BJP शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से जेपी नड्डा ने किया संवाद

punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2020 - 10:52 AM (IST)

नई दिल्ली/ लखनऊः भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से संवाद कर कोविड-19 संकट से उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया। साथ ही, ‘‘आत्मनिर्भर भारत'' अभियान सहित अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के संबंध में केंद्र की विभिन्न घोषणाओं पर चर्चा की।

उन्होंने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से हुई डिजिटल बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के शिवराज सिंह चौहान, गुजरात के विजय रूपाणी, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदीयुरप्पा, हरियाणा के मनोहरलाल खट्टर, उत्तराखंड के त्रिवेंद्र सिंह रावत, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने हिस्सा लिया। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी इस बैठक में शामिल हुए।

खट्टर ने बैठक के बारे में ट्वीट किया, ‘‘आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा जी एवं केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी जी के साथ भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की डिजिटल बैठक में सम्मिलित हुआ तथा कोरोना के विरुद्ध निर्णायक रणनीति और अर्थव्यवस्था पर कुछ महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित ‘‘आत्मनिर्भर पैकेज'' के प्रभावी क्रियान्वयन और रेहड़ी पटरी वालों के कल्याण आदि विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।

Author

Moulshree Tripathi