ह्दयगति रुकने से कबड्डी खिलाड़ी की बरेली में मौत, शव पहुंचने पर परिजनों में मचा कोहराम

punjabkesari.in Friday, Nov 11, 2022 - 07:29 PM (IST)

बरेलीः मेरठ के सरधना तहसील के गांव छुर निवासी कबड्डी की महिला खिलाड़ी खुशी तालियान की बुधवार को हृदयगति रुकने से बरेली में मौत हो गई। गुरुवार को शव पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया। खुशी तालियान बस से अपने साथी खिलाड़ियों के साथ आजमगढ़ में अंडर 19 की राज्य प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने जा रही थी।

खुशी तालियान (16 वर्ष) सेंट चार्ल्स इंटर कॉलेज में कक्षा 12 की छात्रा थी। वह कॉलेज की ओर से मंडल खेलने के बाद राज्य स्तर की कबड्डी प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए आजमगढ़ जा रही थी। आजमगढ़ जाने के दौरान जब वह बरेली पहुंची तो उनकी तबीयत बिगड़ गई। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें बरेली स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां, चिकित्सकों ने खुशी को मृत घोषित कर दिया।

चिकित्सकों ने बताया कि खुशी तालियान की हृदयगति रुकने से मौत हुई है। जानकारी मिलने पर गुरुवार को जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार, जिला खेल निरीक्षक आनंद शर्मा, एसडीएम सरधना सत्यप्रकाश, तहसीलदार नटवर सिंह, खेल मंडल अधिकारी सुषमा यादव आदि परिजनों को सांत्वना देने गांव पहुंचे। परिजनों ने बताया कि खुशी का देश के लिए ओलंपिक में गोल्ड मेडल लाना सपना था।

Content Writer

Ajay kumar