कल्बे जव्वाद ने की मोदी-योगी की प्रशंसा, कहा- इनके राज में मुस्लिम सबसे ज्यादा सुरक्षित

punjabkesari.in Wednesday, Dec 13, 2017 - 05:30 PM (IST)

कानपुर: शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद मंगलवार को कानपुर में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। इस कार्यक्रम में उन्होंने केंद्र की मोदी व प्रदेश की योगी सरकार द्वारा अल्पसंख्यकों में पहुंच बनाने के लिए प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने कहा कि मोदी-योगी सरकार में सबसे ज्यादा मुस्लिम सुरक्षित हैं।

समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना 
इस दौरान कल्बे जव्वाद ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गोरक्षा व लव जिहाद के कुछ मामलों को छोड़कर प्रदेश में बीजेपी सरकार के तहत कानून व्यवस्था में काफी हद तक सुधार हुआ है। अखिलेश यादव के कार्यकाल में बहुत दंगे हुए, लेकिन योगी सरकार ने अपने कार्यकाल में होने वाले दंगों पर रोक लगाई है।

सपा पर भ्रष्ट व बेइमान होने का लगाया आरोप  
जव्वाद ने सपा पर भ्रष्ट व बेइमान होने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा ने साइकिल ट्रैक बनाने के नाम पर जनता के 20,000 करोड़ रुपए बर्बाद करने का काम किया है। साथ ही गुजरात चुनाव पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव के परिणाम बीजेपी और कांग्रेस दोनों की उम्मीद से अलग होंगे।