कलियुगी पिता की करतूत, बेटों की मदद से पुत्री को सुलाया मौत की नींद

punjabkesari.in Tuesday, Oct 17, 2017 - 04:59 PM (IST)

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में आनर किलिंग की एक वारदात में एक व्यक्ति ने पुत्रों की मदद से अपनी पुत्री की हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि देवबंद कोतवाली के अम्बेहटा शेखा गांव में पिछली 8 अगस्त को शिक्षिका पारूल कश्यप का शव एक खेत से बरामद किया गया था। शव की पहचान मिटाने के लिए उसके चेहरे पर तेजाब डाला गया था। मृतका के पिता राजेश्वर कश्यप ने इस सिलसिले में पुत्री के प्रेमी राहुल और उसके तीन भाईयों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

सूत्रों ने बताया कि हत्या की गुत्थी सुलझाते समय पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे और इसी कडी में उसने शक के आधार पर राजेश्वर से कड़ी पूछताछ की। सख्ती करने पर राजेश्वर ने हत्या का अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने 2 बेटों विरेंद्र कश्यप और राजेन्द्र कश्यप के साथ मिलकर हत्या को अंजाम दिया। पुलिस रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि हत्यारोपियों ने हत्या से पहले पारूल के साथ दुराचार भी किया था। मेडिकल जांच में संबंध बनाने की पुष्टि हुई थी। हालांकि जांच में यह पाया गया कि मृतका के प्रेमी राहुल ने घटना से एक दिन पहले संबंध बनाए थे।

उन्होने बताया कि प्रेम संबंध और शारीरिक संबंध बनाने की जानकारी मिलने के बाद ही पारूल के पिता और 2 भाइयों ने उसकी हत्या की। पुलिस ने राजेश्वर कश्यप को जेल भेज दिया। उधर, जेल भेजे गए राजेश्वर के भाई धर्मवीर कश्यप ने आरोप लगाया कि पुलिस ने नामजद आरोपियों को सांठगांठ करके छोड़ दिया और मामले का सही खुलासा नहीं करते हुए मृतका के पिता और बेटों को झूठे आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।